रांची: किरायेदार प्रेमी- प्रेमिका ने मकान मालिक के बेटे का किया अपहरण, पकड़े गए
- By admin --
- 28 Jul 2020 --
- comments are disable
राजधानी रांची के लालपुर थाना पुलिस ने केएम मल्लिक रोड से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में प्रीति हेंब्रम (23 )और रमन कुमार (19) शामिल है। रमन मूल रूप से सासाराम जिला रोहतास और प्रीति हेंब्रम जमुई की वाली हैं।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि आरोपित लालपुर थाना क्षेत्र के केएम मल्लिक रोड निवासी रमेश कुमार के घर में किराएदार के रूप में रह रहे थे। रमन और प्रीति एक साथ पति- पत्नी की तरह रहते थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।
रमेश एक प्राईवेट कंपनी में एकाउंटेंट का काम करते हैं। रविवार को दिन में 2 बजे दोनों आरोपी उनके 13 साल के नाबालिग बेटे को बहला कर अपने साथ ले गए और कोकर में एक घर में ले जाकर छिपा दिया। बेटे को घर में नहीं पाकर रमेश ने लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि रमन और प्रीति ने ने ही उनके बेटे का अपहरण किया है। पुलिस ने रमन को पकड़करकड़ाई से पूछताछ की तो काफी देर बाद बताया कि नाबालिग को उसने अपने नए ठिकाने कोकर स्थित एक घर में ले जाकर रखा है, जहां से पुलिस ने उसे सकुशल बरामद किया।
इस तरह हुई नाबालिग की बरामदगी
पुलिस ने जब दोनों की छानबीन शुरू की तो पता चला कि रमन का एक भाई रांची में ही एक सिक्युरिटी एजेंसी में काम करता है, जिसकी जानकारी मकान मालिक रमेश को थी। पुलिस ने उसके भाई को पहले पकड़ा। फिर उसे रमन को बुलाने के लिए कहा। रमन भाई के झांसे में आ गया और उससे मिलने पहुंचा, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद वैभव को बरामद किया।