रांची: सिदो-कान्हू के वंशज की हत्या पर सरकार मौन क्यों-बीजेपी

30 जून को पूरे झारखंड में सिदो-कान्हू को याद करते हुए हूल दिवस मनाया जा रहा है, इसी को लेकर बीजेपी ने भी राजधानी रांची के सिदो-कान्हू पार्क में बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में मौन श्रद्धांजलि का कार्यक्रम रखा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बीजेपी के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आदिवासियों के हित की बात करने वाली राज्य सरकार आज सिदो-कान्हू के वंशजों की हत्या के मामले पर मौन साधी हुई है।

इसलिए बीजेपी राज्य सरकार से यह मांग करती है कि सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। इसके साथ ही साथ पूरे मामले की सीबीआई जांच करायी जाए।

वहीं, मौके पर मौजूद बीजेपी सांसद संजय सेठ ने कहा कि राज्य सरकार सिदो-कान्हू के वंशजों के सुरक्षा और मुआवजे की गारंटी दे क्योंकि देश की लड़ाई में झारखंड के इन वीरों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कहीं से भी इस मामले पर राजनीति नहीं कर रही है सिर्फ अपने वीरों को सम्मान और न्याय दिलाने के लिए हूल दिवस पर मौन श्रद्धांजलि कार्यक्रम मना रही है।