रांचीः राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 54 सौ की पार, अबतक 62 लोगों की मौत

कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। रिम्स में आज दो संक्रमितों की मौत हो गई। इसके साथ ही अब राज्य में कोरोना संक्रमितों के मौत का आंकड़ा 62 पहुंच गया है। इधर, कोरोना संक्रमण के विस्तार पर ब्रेक लगाने के उद्देश्य से झारखंड की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है।

बिहार, बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ सीमा पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद यहां मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बलों की तैनाती की गई है। पास वाले वाहनों में सवार लोगों को भी मेडिकल जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं, दूसरे राज्यों से ग्रामीण क्षेत्र के रास्ते झारखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों को रोकने के लिए गांव के बाहर भी बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में कुल संक्रमितों की संख्या 5402 पहुंच गई है।

रांची और धनबाद के रहने वाले थे मरीज

कोरोना संक्रमण से शनिवार को भी चार मरीजों की मौत हुई थी। रविवार को रिम्स में मरने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों में एक रांची व दूसरा धनबाद का रहने वाला है। रांची के सुखदेव नगर निवासी 65 वर्षीय मरीज को हार्ट की समस्या थी और हार्ट अटैक के बाद रविवार को मौत हो गई। वहीं, धनबाद निवासी 68 वर्षीय मरीज निमोनिया से पीड़ित था और रिम्स के कोविड-19 सेंटर में भर्ती था।

हजारीबाग पहले से लॉक

वही, गढ़वा में चार दिन में 89 कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में रविवार से 31 जुलाई तक लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस दौरान दवा, और फल-सब्जी की दुकानें खुली हैं। किराना दुकानें सुबह आठ से दोपहर 2 बजे तक खुलेंगी। शाम 7 बजे के बाद बेवजह बाहर घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। दोबारा लॉकडाउन लगने वाला गढ़वा दूसरा शहर है। हजारीबाग पहले से लॉक है।