कोडरमा। लॉकडाउन में हो रही थी शादी, पुलिस को देख भागे बाराती

दूल्हा-दुल्हन समेत 50 पर केस दर्ज

कोडरमा। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश भर में लगाये गये। लॉकडाउन के दौरान कोडरमा जिला के तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा में शादी समारोह वर-वधू पक्ष पर भारी पड़ गया। दूल्हा-दुल्हन सहित 50 लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार सूर्य मंदिर में इंदरवा के सूरज यादव की शादी डॉली कुमारी से हो रही थी कि पुलिस अचानक पहुंच गयी।

दूल्हा-दुल्हन समेत 50 पर केस दर्ज

 पुलिस की गाड़ी को देखते ही कई बाराती भाग खड़े हुए। पुलिस ने इस संबंध में दूल्हा-दुल्हन सहित 50 लोगों पर केस दर्ज किया है। दरअसल लॉकडाउन के कारण बगैर अनुमति किसी भी समारोह के आयोजन की पूर्णरूप से मनाही है, वहीं शादी समारोह में महज 20 लोग ही जुट सकते हैं। बावजूद इसके इंदरवा सूर्य मंदिर में 50 से ज्यादा लोग जमा थे और वर-वधू पक्ष के अलावा कुछ बाराती भी लॉक डाउन में होने वाले इस शादी का गवाह बनने पहुंचे थे।

पुलिस ने मांगी वैध कागजात

हालांकि सूचना पर पुलिस मंदिर पहुंची, जिसे देख कई लोग फरार हो गए। मौके पर पहुँची पुलिस ने दोनों पक्षों से वैध कागजात की मांग की तो वर पक्ष की ओर से बीडीओ को दिए मात्र आवेदन ही दिखाया गया, जबकि इस आवेदन के आलोक में बीडीओ से शादी समारोह की अनुमति नहीं मिली थी। सरकार की ओर से मिले गाइडलाइंस के अनुसार किसी भी समारोह में 20 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकते हैं।

नियमों का हुआ उल्लंघन

ऐसे में इस शादी समारोह में दोनों नियमों का उल्लंघन हो रहा था। बहरहाल तिलैया थाना के एएसआई विकेश कुमार ने दूल्हा सूरज कुमार (23), पिता उपेंद्र यादव, दुल्हन डॉली कुमारी (20), पिता सुरेश यादव, पण्डित बाबूलाल पांडेय, सबिता देवी, राजेश यादव, सुरेश यादव, धनेश्वर यादव, अजय यादव, मोहन यादव और बालेश्वर यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है,

जबकि शादी समारोह में मौजूद 40 अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में एएसआई विकेश कुमार ने बताया कि उन्हें शादी समारोह आयोजित होने की सूचना मिली थी और सूचना के आलोक में जब वो दल बल के साथ मौके पर पहुंचे तो शादी समारोह जारी था।