रांची : नाराज विधायकों से बात करने झारखंड आए उमंग सिंघार,नहीं बनी बात
- By admin --
- 08 Aug 2020 --
- comments are disable
कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। इसी सूचना के आधार पर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी उमंग सिंघार कथित तौर पर नाराज चल रहे विधायकों से बातचीत करने और स्थिति का जायजा लेने के लिए झारखंड आए थे।
साथ ही उन्हें सरकार के कामकाज पर भी जानकारी लेनी थी, लेकिन चक्र ऐसा चला कि उमंग सिंघार को उल्टे पांव दिल्ली वापस लौटना पड़ा। उनकी वापसी के लिए कौन जिम्मेदार है, यह तो मंथन का विषय है। लेकिन पार्टी के भीतर जो चर्चा चल रही है।
उसके अनुसार पार्टी के कुछ बड़े और प्रभावशाली चेहरों ने दिल्ली तक संपर्क साधा और इसका नतीजा यह निकला कि न सिर्फ पार्टी की ओर से उन्हें झारखंड में दौरा रोकने को कहा गया, बल्कि जिला प्रशासन की ओर से भी उन्हें गिरिडीह से वापस रांची आने को कहा गया।
इससे भी बड़ी बात यह कि उनके गिरिडीह से रांची पहुंचने के पहले ही विधायकों की बैठक स्थगित कर दी गई। इससे समझा जा सकता है कि सिंघार को बैठक करने से ही रोक दिया गया।
पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी से बौखलाए प्रदेश सह प्रभारी
यह भी कहा जा रहा है कि उमंग सिंघार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के एक प्रभावशाली नेता के कहने पर झारखंड में नाराज विधायकों से मिलने और सरकार के कामकाज का जायजा लेने आए थे। लेकिन दूसरे गुट के लोगों ने उन्हें ऐसा करने से रोकने के लिए केंद्र के दूसरे नेता के माध्यम से उन्हें वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। इस बात से उमंग सिंघार काफी बौखला गए हैं।
उन्होंने अपने कुछ नजदीकी लोगों को यह कहा है कि वह इस घटनाक्रम की पूरी रिपोर्ट आलाकमान को सौंपेंगे, ताकि वे भी सारी जानकारी से अवगत हो सकें। उमंग की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि जिस तरह प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के साथ जिला प्रशासन की ओर से उन्हें दौरा रोकने को कहा गया, वह उचित नहीं है। यह सरकार में शामिल पार्टी के लिए किरकिरी का मामला बनता है।
दौरा के बीच वापसी उचित नहीं : दीपिका
गोड्डा की विधायक दीपिका पांडे सिंह भी मानती हैं कि प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी उमंग सिंघार के झारखंड दौरे के बीच में ही दिल्ली वापसी हल्की बात नहीं। भले ही इसमें गलती किसी भी पक्ष की हो। यह चिंतनीय विषय है, क्योंकि सभी विधायकों को उनके समक्ष अपनी बात रखनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। दौरा रोकना ठीक नहीं हुआ। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी उमंग सिंघार के समक्ष अपनी बात रख दी है।
विधायकों में नाराजगी नहीं : आलमगीर
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा है कि पार्टी के विधायकों में किसी तरह की नाराजगी नहीं है। विधायकों की बैठक स्थगित होने के बाद उनकी करीब-करीब सभी विधायकों से बात हुई है, किसी ने नाराजगी वाली बात नहीं कही है।