भारी बारिश : कई इलाके जलमग्न बीजेपी और जेएमएम आमने सामने !

जलमग्न हुई रांची, व्यवस्था पर संजय सेठ ने उठाए सवाल।

नगर निगम की अकर्मण्यता के कारण डूबी रांची।

निकाय चुनाव नहीं होना और अतिक्रमण भी है इस भयावह स्थिति की वजह।

रांची। नगर निगम के अक्रमन्यता के कारण रांची आज चारों तरफ से पानी पानी हुआ पड़ा है। हर तरफ घर दुकान डूबे हुए हैं। कई मोहल्ले जलमग्न हो चुके हैं। आज भीषण बारिश के बीच दर्जनों मोहल्ले को देखा। यह स्पष्ट देखने को मिला कि यह नगर निगम की अक्रमन्यता है। रांची के लोगों का जीवन नरकीय बन गया है। उक्त बातें रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद श्री संजय सेठ ने आज रांची शहर के कई मोहल्ले का भ्रमण करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी रांची की स्थिति देखकर नगर निगम को आगाह किया था परंतु यह दुर्भाग्य है कि 1 साल के बाद भी नगर निगम ने कोई कदम नहीं उठाया। श्री सेठ ने कहा कि रांची की ऐसी नरकीय स्थिति का एक बड़ा कारण नगर निगम का चुनाव नहीं होना भी है। चुनाव होने के उपरांत संबंधित वार्ड सदस्य अपने-अपने क्षेत्र की देखरेख और साफ सफाई की जिम्मेदारी लेते हैं। इसके परिणाम स्वरूप जल जमाव नहीं हो पता है परंतु चुनाव नहीं होने से पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। यह सोचने वाली बात है कि पहाड़ी इलाका रांची जलमग्न कैसे हो रहा है?
श्री सेठ ने कहा कि जहां-तहां बड़े-बड़े नालों पर अतिक्रमण भी जल जमाव का एक बड़ा कारण बन चुका है। अतिक्रमण हटाने में नगर निगम की थोड़ी भी रुचि नहीं दिखती है। बड़े-बड़े नालों की सफाई नहीं हो पाती है, जिस वजह से कई मोहल्ले डूबे हुए हैं। रक्षा राज्य मंत्री ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि नगर निगम के पास शहर की साफ सफाई व विकास कार्य को पैसे नहीं हैं। जब भी किसी योजना को लेकर नगर निगम से बात की जाती है तो यही कहा जाता है कि उसके लिए नगर विकास विभाग को लिखा गया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नगर निगम के पास पैसे का नहीं होना भी रांची की नरकीय स्थिति का एक बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन रांचीवासियों की चिंता करे और प्राथमिकता के आधार पर इस दिशा में काम शुरू होना चाहिए।

 

“संजय सेठ की पीसी अपने विधायक को आईना दिखाने के लिए थी” – झामुमो का तंज

रांची, 20 जून 2025:
रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची से सांसद श्री संजय सेठ द्वारा आज रांची नगर निगम की बदहाली को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य डॉ. तनुज खत्री ने तीखी टिप्पणी की।

“संजय सेठ जी की यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दरअसल अपने ही विधायक श्री सी.पी. सिंह को आईना दिखाने के लिए थी,”

डॉ. तनुज ने कहा।

उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम को भाजपा के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और टकराव की राजनीति का गढ़ बना दिया गया था। मेयर और डिप्टी मेयर के बीच की खींचतान ने पूरे नगर निगम को पंगु बना दिया, जहां सिर्फ टेंडर मैनेजमेंट और कमीशनखोरी का खेल चलता रहा।

डॉ. तनुज ने आगे कहा,
“सी.पी. सिंह जी ने नगर विकास मंत्री रहते हुए रांची की ड्रेनेज व्यवस्था को पूरी तरह चौपट कर दिया, जिसका दंश आज तक रांची झेल रहा है।”

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि
“सी.पी. सिंह जी तो एक ही नाली का उद्घाटन दो से तीन बार करते नज़र आए।”

डॉ. तनुज ने कहा कि
“रांची एक प्रमुख शैक्षणिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, लेकिन भाजपा ने इसे इस कदर बदहाल बना दिया कि आज हल्की बारिश में भी रांची बाढ़ जैसी स्थिति में पहचाना जाने लगा है। यह भाजपा की नाकामी का सीधा प्रमाण है।

उन्होंने आगे कहा कि
“रांची की सड़कों पर बहता पानी और गड्ढों में तब्दील होती सड़कें इस बात की गवाही हैं कि भाजपा शासन में नगर प्रबंधन केवल नाम का था।”

अंत में डॉ. तनुज ने कहा कि
“जब भी बारिश में रांची की स्थिति बदतर होती है, संजय सेठ जी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करते हैं, जबकि वे स्वयं पिछले पाँच वर्षों से इस क्षेत्र के सांसद हैं। जनता अब बहाने नहीं, जवाबदेही चाहती है।