चतरा। नदी में नहाने गए युवक की डूबने से गई जान

चतरा। टंडवा थाना क्षेत्र के चुंदरु नदी में नहाने गए तीन युवकों में से एक की मौत गहरे पानी में डूबने से हो गई। वहीं नदी में डूब रहे दो अन्य युवकों को ग्रामीणों के सहयोग से सुरक्षित निकाल लिया गया।

घटना शनिवार सुबह लगभग नौ बजे की है। मृतक युवक की पहचान बिहार के सीवान जिला अंतर्गत महराजगंज थाना क्षेत्र निवासी बप्पी गिरि के रुप में की गई है। चुंदरु में युवक के डूबने की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे मे कर पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेज दिया।

लॉकडाउन के चलते नाना के घर में फंसा था युवक

जानकारी के अनुसार, बप्पी गिरि लॉकडाउन के पहले अपने एक भाई का इलाज कराने रांची आया था। लॉकडाउन लगने के बाद वह टंडवा स्थित अपने नाना के घर चला गया था। तब से वह यहीं रह रहा था। बप्पी हर दिन की तरह शनिवार को भी अपने परिवार के दो अन्य युवक गोल्डन व प्रिंस के साथ चुंदरु नदी में नहाने आया था।

इसी दौरान बप्पी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। इस दौरान उसके साथ आए गोल्डन और प्रिंस ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह असफल रहे और खुद भी डूबने लगे। उधर, तीनों युवकों के डूबने के दौरान आसपास नहां रहे युवकों ने शोर मचाया फिर प्रिंस और गोल्डन को तो निकाल लिया गया लेकिन बप्पी डूब गया। काफी मशक्कत के बाद गणेश और अमर कुमार रजक नाम दो युवकों ने बप्पी का शव निकाल लिया।