साहेबगंजः व्यवसायी के अपहरण व हत्याकांड मामले में चार गिरफ्तार

साहेबगंज जिले के बोरियो से अरुण साह का अपरहण के बाद हत्या किए जाने की घटना में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह हत्या फिरोती के लिए की गई थी। हत्या से एक दिन पहले अपराधियों ने पुलिस पर भी हमला किया था।

साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि इस घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें सिरीचांद मुर्मू, किस्कू सोरेन, प्रमिला हेंब्रम और विनोद हांसदा शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि इन लोगों ने अपराध स्वीकार किया है।

इनके पास से एक देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मिस फायर गोली एवं और तीन मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। ये चारों लोग बोरियो थाना क्षेत्र के अलग- अलग गांवों के रहने वाले हैं।पुलिस का दावा है कि सभी अपराधियों का संबंध नेशनल संथाल लिबरेशन आर्मी गिरोह से है।

एसपी  ने बताया कि इस संगठन के मुख्य सरगना रोहित मुर्मू को कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तफ्तीश में ये पुलिस को पता चला है कि व्यवसायी अपहरण कांड में नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी संगठन के कई लोग शामिल हैं। इस संगठन के तार असम भी से जुड़े हैं। लिहाजा इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है बहुत जल्द सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।