रांची। लॉकडाउन पर राज्य सरकार का फैसला बाकी, मजदूरों का आना जारी

रांची। केंद्र सरकार ने कुछ छूट के साथ 31 मई तक लॉकडाउन की अवधी बढ़ा दी है। पर झारखंड में अभी फैसला नहीं हुआ है और लॉकडाउन फेज 3 की तरह की स्थितियां हैं। पर सोमवार को अन्य दिनों की अपेक्षा कुछ ज्यादा ही लोगों की सड़कों पर चहलकदमी देखने को मिली।

फूल बरसा कर किया स्वागत

सब्जी बाजार में भी लोगों की भीड़ रही। इधर, चुटिया में लोगों ने कोरोना योद्धा पुलिसकर्मियों पर फूल बरसा कर उनका धन्यवाद दिया। चुटिया पुलिस फ्लैग मार्च कर रही थी और लोग उनपर फूल बरसा रहे थे। वहीं, प्रवासी मजदूरों का आना जारी है। आज विजयवाड़ा से ट्रक के माध्यम से रांची पहुंचे। यहां से वो पलामू के लिए रवाना हो गए।

प्रवासी मजदूरों का आना जारी

रातू पहुंचे 10 प्रवासी मजदूरों ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान चेन्नई में काम बंद होने से उन्हें खाने-पीने और रहने की समस्या होने लगी। इसके बाद सभी  चेन्नई से पैदल निकले और विजयवाड़ा पहुंचे। यहां से वो ट्रक के माध्यम से रांची पहुंचे। इन्हें कहीं से जानकारी मिली कि रातू के कम्यूनिटी किचन में खाना खिलाया जा रहा है तो सभी यहां पहुंचे। खाना खाने के बाद सभी को रातू प्रशासन द्वारा इन्हें वाहन से पलामू रवाना किया गया।