रांचीः जूते और कपड़े के दुकानदारों को करना होगा इंतजार
- By admin --
- 02 Jun 2020 --
- comments are disable
अनलॉक-1 में राज्य में सोमवार से जूते और कपड़े की दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं है। राज्य में मंगलवार से एक जिले से दूसरे जिलों में जाने के लिए निजी वाहनों का बिना पास आना-जाना शुरू हो चुका है।
वहीं सड़कों पर ऑटो और ई-रिक्शा चल रही हैं लेकिन रिजर्व टैक्सी की तर्ज पर। इन्हें क्षमता के आधे पैसेंजर बैठाने की अनुमति मिली है। यानी चार की क्षमता वाले ऑटो में सिर्फ 2 ही सवारी बैठ सकेगी। लिहाजा, सुबह सड़कों पर कम संख्या में ऑटो और ई-रिक्शा दिखाई पड़ी।
वहीं अब तक बसों का परिचालन शुरू नहीं किया गया है। दो दिनों की मशक्कत और विचार विमर्श के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सहमति के साथ अनलॉक-1 में राज्य में आम उपभोक्ता वस्तुओं की दुकानों को खोलने का निर्णय लिया गया है।
राज्य सरकार द्वारा प्रवासी मजदूरों के आने का सिलसिला जारी रहने और कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में जारी वृद्धि को देखते हुए अभी धार्मिक स्थलों, कपड़ा, जूता-चप्पल की दुकानों को खोलने का निर्णय नहीं लिया है।
स्कूल-कॉलेज, मॉल, सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स भी अभी बंद ही रहेंगे। बसों का परिचालन भी शुरू करने का निर्णय नहीं लिया गया। मुख्य सचिव द्वारा सोमवार की शाम जारी आदेश में दी गयी छूट कंटेनमेंट जोन से बाहर एक जून से 30 जून तक प्रभावी होगा।