जामतड़ा। कैंसर पीडित महिला ठेला पर पहुंची अस्पताल,हुई मौत
- By admin --
- 10 May 2020 --
- comments are disable
जामताड़ा। कैंसर पीड़ित मरीज को घर से अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिला तो परिजन ठेला पर ही लादकर इलाज करवाने के लिए चल पड़े। इस बीच डीसी को जानकारी मिली तो उनकी पहल पर एंबुलेंस आई। तब तक परिजन तीन किलोमीटर की दूरी तय कर चुके थे। एंबुलेंस आने के बाद महिला को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही महिला की मौत हो गई।
ममता देवी कैंसर से थीं पीड़ित
परिजनों ने बताया कि मरीज को लेकर जब अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक ने देखा और कहा कि मरीज की मृत्यु हो चुकी है। महिला के परिजनों ने बताया कि बुधुडीह निवासी ममता देवी कैंसर से पीड़ित थीं। शनिवार लगभग 10 बजे अचानक से तबीयत बिगड़ गई। परिजन ने सदर अस्पताल और 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस की मांग की। परंतु सभी एंबुलेंस के बाहर रहने की बात परिजनों को बताई गई। इसके बाद परिजन ठेला से ही मरीज को सदर अस्पताल ले जाने लगे।
एंबुलेंस को लेकर जांच की आदेश
उपायुक्त गणेश कुमार ने कहा कि मुझे जैसे ही इस बात की जानकारी मिली मैंने सिविल सर्जन से बात कर एंबुलेंस उपलब्ध करा दिया। परिजन ने एंबुलेंस विभाग से मांगी थी कि नहीं इसकी जांच कराई जाएगी। मरीज की मौत के बाद शव को सिविल सर्जन ने एंबुलेंस से घर तक भिजवाया।