पलामू। स्टेशन पर हुई प्रसव पीड़ा शुरु, महिला ने दिया बेटे को जन्म

पलामू। महाराष्ट्र से स्पेशल श्रमिक ट्रेन से डालटनगंज पहुंची बोकारो के गोमिया प्रखंड की महिला को अचानक स्टेशन पर प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्टेशन परिसर में मौजूद प्रशासन की टीम ने महिला को पीएमसीएच में भर्ती कराया जहां उसने बेटे को जन्म दिया। डॉक्टरों ने दोनों को स्वस्थ्य बताया है। 

लॉकडाउन में फंसे थे

उधर, महाराष्ट्र से स्पेशल ट्रन के जरिए डालटनगंज पहुंचे श्रमिकों ने कहा कि अपने गांव लौट कर अच्छा लग रहा है  महाराष्ट्र में केमिकल फैक्ट्री में काम करने वाले बोकारो के सपन रॉय जब स्टेशन से बाहर निकले तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान काम बंद हो जाने से वे महाराष्ट्र में फंस गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा उठाए गए इस कदम से अपने घर लौटने पर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।

1600 मजदूर पहंचे स्टेशन

केंद्र और राज्य सरकार के पहल के बाद लॉकडाउन के दौरान पनवेल में फंसे झारखंड के विभिन्न जिलों के 1600 मजदूर रविवार सुबह स्पेशल श्रमिक ट्रेन से पनवेल से डाल्टनगंज स्टेशन पहुंचे। यहां आने वाले सभी मजदूरों को सर्वप्रथम ट्रैन से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उतारा गया एवं स्टेशन परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बने काउंटर में उनकी थर्मल स्कैनिंग व स्वास्थ्य जांच संबंधी अन्य सभी प्रक्रिया पूरी की गई।

झारखंड के  23 जिलों के कुल 1600 लोग आए

डालटनगंज पहुंचने वाले झारखंड के विभिन्न जिलों में पलामू के 174, गढ़वा के 164, सिमडेगा के 37, पश्चिमी सिंहभूम के 30, हजारीबाग के 258, रांची के 45, बोकारो के 219, पूर्वी सिंहभूम के 78, कोडरमा के 53, चतरा के 56, देवघर के 35, धनबाद के 38, गिरिडीह के 142, गुमला के 18, दुमका के 35, साहेबगंज के 55, सरायकेला के 3, लातेहार के 08, लोहरदग्गा के 08, रामगढ़ के 49, जामताड़ा के 7, खूंटी के 35 और गोड्डा के 53 श्रमिक शामिल रहे।