हमारे बिना मजबूत विपक्ष असंभव : कांग्रेस पार्टी का पूर्ण अधिवेशन 24 से, तय होगा रुख
- By rakesh --
- 20 Feb 2023 --
- comments are disable
कांग्रेस ने रविवार को कहा कि 24 फरवरी से शुरू हो रहे पार्टी के तीन दिवसीय पूर्ण अधिवेशन में 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी एकजुटता के संदर्भ में चर्चा की जाएगी। हालांकि, उसने इस बात पर जोर दिया कि उसकी मौजूदगी के बिना देश में विपक्षी एकता की कोई भी कवायद सफल नहीं हो सकती।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा था कि कांग्रेस को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से बने माहौल का लाभ उठाते हुए भाजपा विरोधी दलों को एकजुट कर गठबंधन बनाना चाहिए अौर यदि ऐसा हुआ तो 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 100 से भी कम सीट पर समेटा जा सकता है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने नीतीश के बयान का स्वागत किया, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष की एकता के लिए यात्रा नहीं निकाली गई थी, यह इसका परिणाम हो सकता है। अधिवेशन में इस पर विचार होगा, यह क्या रूप लेगा, हम नहीं कह सकते।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, रमेश और पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी अधिवेशन के बारे में ब्योरा सामने रखा। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के चुनाव के संदर्भ में 24 फरवरी को पार्टी की संचालन समिति की बैठक में फैसला होगा।