रांची में सड़क दुर्घटनाएं रोकने की पहल, मुफ्त हेलमेट बांटकर लोगों को दिलाई गई शपथ
- By rakesh --
- 24 Oct 2026 --
- comments are disable
रांची: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को रांची के ग्रामीण इलाकों में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी समेत विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चालकों, दुकानदारों तथा स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।
बिना हेलमेट चलाने वालों को दी गई सलाह
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600 से 700 चालकों को जागरूक किया गया। उन्हें हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।
जागरूकता अभियान के तहत वाहन चालकों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर सुरक्षा का संदेश दिया गया। साथ ही, निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया सड़क सुरक्षा का महत्व
छोटानागपुरी कला केंद्र के कलाकार मेघनाथ पासवान, सोनाराम प्रजापति और दशरथ महतो ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। प्रस्तुतियों में हेलमेट नहीं पहनने, यातायात नियमों की अनदेखी करने और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को दर्शाया गया। यमराज के पात्र के माध्यम से भी दुर्घटनाओं से बचने का संदेश दिया गया।
सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने की अपील
अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से सड़क तथा फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई। लोगों को वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थानों पर करने की सलाह दी गई, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी: राजीव रंजन
परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा को व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी मानने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना, यातायात नियमों का पालन करना और अवैध पार्किंग से बचना दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने से उसके परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचती है। प्रशासन, वाहन चालकों, दुकानदारों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से दुर्घटनाओं की संख्या कम की जा सकती है। परिवहन विभाग ने ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।
परिवहन विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार और अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: हैदराबाद से कुआलालंपुर जा रहे यात्रियों के बैग से मिले 1.56 करोड़ रुपये, DRI ने किया जब्त