रांचीः रोशन होरो मामले में सीबीआई जांच के लिए मुख्यमंत्री तैयार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि  खूंटी के मुरहू में जांच के क्रम में सीआरपीएफ जवानों द्वारा मारे गये रोशन होरो मामले की जांच अगर सीबीआई से कराने की मांग की जा रही है तो वे इसके लिए तैयार है। लेकिन जो लोग सीबीआइ जांच की मांग कर रहे हैं, उन्हें इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि जांच समय पर हो।

इसके पहले रोशन के परिजन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की । मुख्यमंत्री ने मृतक की पत्नी को आर्थिक सहायता के तौर पर दस लाख रुपये एवं प्रखंड कार्यालय मुरहू में नौकरी देने का निदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना दुःखद है।

कोई भी किसी की जान पुनः वापस नहीं ला सकता, इसकी भरपाई नहीं हो सकती है। मृतक के परिजनों पर क्या गुजर रहा होगा। इसका अनुमान है मुझे। राज्य सरकार के संज्ञान में मामला आया है। सरकार हर संभव सहायता से मृतक के परिजनों को आच्छादित करने का प्रयास करेगी।

गौरतलब है कि रोशन होरो मुरहू थाना क्षेत्र के कुम्हारडीह गांव का रहने वाला था। 20 मार्च 2020 को गांव से दो किलोमीटर दूर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप सीआरपीएफ द्वारा नक्सलियों के विरुद्ध सघन जांच अभियान नक्सली गतिविधियों की सूचना के बाद चलाया जा रहा था। इस क्रम में 34 वर्षीय रोशन होरो अपनी बाइक से वहां पहुंचा और सीआरपीएफ के जवानों द्वारा गोली चलाये जाने से उसकी मौत हो गई।