झारखंड में नए उलगुलान की तैयारी, सूर्य सिंह बेसरा ने किया बड़े आंदोलन का ऐलान
- By rakesh --
- 23 Aug 2026 --
- comments are disable
झारखंड के पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने राज्य में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ बड़े आंदोलन की घोषणा की है। रांची स्थित प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति का महीना है और झारखंड की धरती हमेशा संघर्ष और आंदोलनों की गवाह रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब नए उलगुलान की तैयारी की जा रही है।
बेसरा ने कहा कि ‘झारखंड बचाओ-झारखंड बनाओ समिति’ के बैनर तले ‘भ्रष्टाचार मिटाओ, झारखंड बचाओ’ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
वीर योद्धाओं की धरती से आंदोलन का आह्वान
सूर्य सिंह बेसरा ने झारखंड के इतिहास में संघर्ष करने वाले वीर योद्धाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बाबा तिलका मांझी, बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर और सिंदुराय जैसे योद्धाओं ने अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया था।
उन्होंने कहा कि अब भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ युवाओं को एकजुट करने की जरूरत है। इसके लिए झारखंड के वीर योद्धाओं के गांवों में जाकर युवाओं को आंदोलन से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
1 नवंबर से उलिहातू में शुरू होगा अभियान
बेसरा के अनुसार, आंदोलन की औपचारिक शुरुआत 1 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से होगी। इसके बाद पूरे झारखंड में अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विभिन्न इलाकों में युवाओं और सामाजिक संगठनों को आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि यह अभियान राज्य के अधिकारों और भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन का रूप लेगा।
15 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में बड़ा कार्यक्रम
सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि आंदोलन का समापन 15 नवंबर, झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में बड़े कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में झारखंड की छोटी राजनीतिक पार्टियां और विभिन्न संगठन एकजुट होकर हिस्सा लेंगे। बेसरा ने कहा कि आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक समूहों को साथ लाने का प्रयास किया जाएगा।
हेमंत सोरेन पर भी साधा निशाना
आदिवासी मुद्दों को लेकर सूर्य सिंह बेसरा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि हेमंत सोरेन आदिवासी हितों के मुद्दे पर मुखर नहीं होते हैं, तो उन्हें सत्ता से हटाने के लिए आंदोलन किया जाएगा।
बेसरा ने कहा कि प्रस्तावित आंदोलन सिर्फ राजनीतिक गतिविधि तक सीमित नहीं रहेगा। उनके अनुसार, यह झारखंड के अधिकार, आदिवासी हित और भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन होगा।
उन्होंने राज्य के युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की।
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर JMM का बीजेपी पर हमला, मिथिलेश ठाकुर बोले- छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति