बोकारोः पुलिस टीम हमला, जानिए क्या है मामला
- By admin --
- 05 Jun 2020 --
- comments are disable
राज्य में कोरोना की कहर से लोग परेशान हैं। वहीं दूसरी ओर राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। कुछ ऐसा ही नजारा बोकारो जिला में देखने को मिला,जब बालू माफिया के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको स्थित दामोदर नदी के तट पर अवैध बालू का उठाव किया जा रहा था। जानकारी मिलते ही बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह और पेटरवार के अंचल अधिकारी प्रणव अंबष्ट के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की टीम देर रात्रि खेतको स्थित दामोदर नदी के बालू घाट पर पहुंचे।
इस दौरान कई ट्रैक्टर अवैध बालू लादकर ले जाने की तैयारी में थे। अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी शुरु कर दी। टीम ने बालू लदे ट्रैक्टर को रोका, तभी ट्रैक्टर के चालक एवं अन्य लोगों ने खेतको गांव जाकर गांववालों को खबर कर दी।
सूचना पाकर कुछ असामाजिक तत्वो ने अनुमंडल पदाधिकारी व उनकी टीम पर पथराव करना आरंभ कर दिया। पथराव से एसडीएम व उनकी टीम को कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पथराव के बाद खेतको का मामला काफी गंभीर हो गया है,देर रात्रि तक पूरा खेतको गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
मौके पर बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, पेटरवार सीओ प्रणव अंबष्ट, बेरमो सीओ मनोज कुमार, बोकारो थर्मल इंस्पेक्टर बिनोद कुमार सिंह, गोमिया थाना प्रभारी विनय कुमार, बेरमो थाना प्रभारी एस सुरीन, कथारा ओपी पुलिस मौजूद हैं और दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की बात कही गयी है।