रांची : रिम्स में कोविड एवं कैंसर पीड़ित मरीज बेड से नीचे गिरा, किसी ने नहीं की मदद
- By admin --
- 11 Aug 2020 --
- comments are disable
रिम्स में सबसे बड़ी लापरवाही उजागर, सीएम ने दोबारा ऐसी घटना न होने का दिया निर्देश
झारखण्ड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स अपनी करतूतों को लेकर हमेशा से सुर्खियों में रहा है। इस बार फिर एक घटना ने रिम्स की लापरवाही उजागर कर दी है। रिम्स स्थित कोविड वार्ड में एक कोविड एवं कैंसर पीड़ित मरीज बेड से नीचे गिर गया। घंटों गुहार लगाने के बाद भी उसकी मदद नहीं की गई।
झारखण्ड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स की, जहां मरीज अपनी जिंदगी बचाने की उम्मीदें लेकर आते हैं। लेकिन कुछ ऐसी घटनाएं यहां देखने को मिलती हैं जिससे लोगों का भरोसा उठता सा लगता है । एक मरीज अपनी बेड से नीचे गिर गया। काफी देर तक गुहार लगाने के बाद भी उसे कोई मदद नहीं मिलती है। ये मरीज कैंसर से पीड़ित है और रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती है।
रिम्स के लिए ये कोई नई बात नहीं है। यहां मरीज को देखने वाला कोई नहीं होता है। परिजन ही सारी सुविधाएं मुहैया कराने को मजबूर होते हैं।
पीड़ित का बेटा पीयुष ने चीख-चीख कर रिम्स की स्थिति बयां किया । उसने बताया कि पापा को रिम्स में देखने वाला नहीं है। आखिर वो मदद ले तो किससे। जाहिर सी बात है इस मामले को शर्मशार करने वाली घटना कही जाए तो नाकाफी होगा। शर्माशार शब्द इस घटना के सामने बौना नजर आता है।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया
हालांकि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को ट्वीटर से मिली जानकारी के बाद इस मामले को गंभीरता से लिया है तथा स्वास्थ्य मंत्री को मामले में संज्ञान लेने का अनुरोध भी किया है। साथ ही रिम्स प्रबंधन को इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति भविष्य में न हो, यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है।
मरीजों के साथ लापरवाही की सुर्खियां बटोरने वाले रिम्स में ऐसी घटनाएं कई बार सामने आई हैं, लेकिन रिम्स प्रबंधन की ओर से इस पर ध्यान तभी जाता है जब कोई ऐसी वीडियो वायरल हो जाती है। भविष्य में मरीजों के साथ ऐसी घटना न हो इसके लिए रिम्स प्रबंधन को आगे सख्त कदम उठाने होंगे।