रांची। झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या 405 के पार,23 जिलों तक पहुंचा कोरोना की कहर

रांची। झारखंड में मंगलवार को कोरोना वायरस के दो नए मामले सामने आए हैं। एक मामला जमशेदपुर और दूसरा पॉजिटिव केस धनबाद में मिला है। अब झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्‍या 410 हो गई है। धनबाद में कोरोना पॉजिटिव पाई गई छात्रा है। वह हाल ही में दिल्‍ली से लौटी है। वह वहां सीए की पढ़ाई करती है। उसका इलाज धनबाद के सेंट्रल अस्‍पताल में किया जा रहा है। अब धनबाद में कोरोना मरीजों की संख्‍या 11 हो गई है।

पूर्वी सिंहभूम में कोरोना पॉजिटिव की संख्‍या 26

जमशेदपुर में मंगलवार को मिला कोरोना पॉजिटिव पश्चिम बंगाल के पुरुलिया का रहने वाला है। वह 24 मई को टाटा मेडिकल हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती हुआ था। उसकी रिपोर्ट आज मंगलवार को पॉजिटिव पाई गई। अब उसका इलाज टाटा मेडिकल अस्‍पताल के ही कोरोना वार्ड में किया जा रहा है। इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम में कोरोना पॉजिटिव की संख्‍या 26 हो गई है। प्रशासन अब इसके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर रहा है। जमशेदपुर में सोमवार को भी कोरोना का एक मामला सामने आया था।

कोरोना वायरस के 31 नए मामले

बता दें कि सोमवार को झारखंड में कोरोना वायरस के 31 नए मामले सामने आए थे। प्रवासियों के राज्‍य वापसी के बाद लगातार कोरोना पॉजिटिव की संख्‍या बढ़ रही है। सोमवार को रांची में 10, गढ़वा में दो, लातेहार में पांच, सिमडेगा में तीन, पलामू में एक, गुमला में एक, रामगढ़ में दो, बोकारो में दो, पश्चिमी सिंहभूम में तीन और जमशेदपुर में एक मामला कोरोना वायरस का सामने आया था।