रांची। रांची में जल्द शुरु हो सकती है विमान सेवा, स्वास्थ्य जांच में लगेगा समय

रांची। रांची से जल्द विमान सेवा शुरू हो सकती है। केंद्र से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अथॉरिटी को अपनी तैयारी पूरी रखने का निर्देश दिया गया है। इसे लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर डायरेक्टर विनोद शर्मा की अध्यक्षता में सारी एयरलाइंस और ऑपरेशन अधिकारियों की मीटिंग हुई है। शर्मा ने कहा कि यात्रियों को एयरपोर्ट तीन घंटे पहले आना होगा।

स्वास्थ्य जांच में लगेगा समय

 चेकइन के साथ स्वास्थ्य जांच में समय ज्यादा लगेगा। मेन एंट्री गेट पर सीआईएसएफ के जवान टिकट हाथ से नहीं चेक करेंगे। वेब कैमरा से चेक करेंगे। एक कर्मचारी हाथ और बैग सेनिटाइज करेगा। वहीं, एयरपोर्ट के अंदर लाल घेरे में खड़ा होना होगा।

एक घंटे में एक विमान

डायरेक्टर ने बताया कि रांची एयरपोर्ट पर एक घंटे में 5 विमान का आवागमन होता था, लेकिन कोरोना को देखते हुए एक घंटे में केवल एक विमान ही आएगा। यात्रियों के विमान में बैठने और रनवे से उड़ान भरने तक पहले 40 मिनट लगता था, अब एक घंटे लगेगा। उन्होंने बताया कि विमान में तीन सीट में बीच वाली सीट खाली रहेगी। इससे यात्री कम और सुरक्षित भी रहेंगे।

राजधानी एक्सप्रेस पहुंची रांची

नई दिल्ली से यात्रियों को लेकर राजधानी एक्सप्रेस गुरुवार सुबह रांची रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां से यात्रियों के घर जाने के लिए प्रशासन की ओर से बसें और कैब की व्यवस्था की गई थी। स्टेशन पर उतरने के बाद यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई। स्टेशन पर उतरने, स्टेशन के बाहर आने और फिर बस-कैब तक जाने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा गया। बता दें कि शाम को राजधानी एक्सप्रेस रांची से यात्रियों को लेकर दिल्ली जाएगी। इसके लिए यात्रियों को तीन घंटे पहले स्टेशन पहुंचना होगा ताकि उनकी मेडिकल जांच की जा सके।