धनबाद : सुमित फ़्यूएल्स में अवैध कोयला खपाये जाने की सूचना, पुलिस ने की छापेमारी
- By admin --
- 25 Jul 2020 --
- comments are disable
अवैध कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन का रवैया पूरी तरह से सख्त नजर आ रहा है। निरसा एसडीपीओ विजय कुमार कुशवाह को यह सूचना मिली कि मुगमा स्टेसन रोड स्थित सुमित फ़्यूएल्स में भारी मात्रा में अवैध कोयला लिया और खपाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने देर रात दो बजे उक्त भट्ठे में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान भट्ठे का संचालक तो भट्ठे में मौजूद नहीं था लेकिन भट्ठे में भारी मात्रा में अवैध कोयला पाया गया। छापेमारी अभियान शनिवार की दोपहर तक जारी था।
जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से अवैध कोयले को जब्त कर ईसीएल सीआईएसएफ के सुपुर्द कर दिया गया।मिली जानकारी के अनुसार भट्ठे के पीछे तरफ अवैध खदान का संचालन होता है जहाँ से रोजाना सैकड़ों टन अवैध कोयला स्थानीय भट्ठों में खपाया जाता है।वहीं भट्ठे के सामने तरफ कापासारा आउट सोर्सिंग से भी रोजाना भारी मात्रा में अवैध कोयला स्थानीय भट्ठों में खपाया जाता है।
बताया जाता है कि भट्ठे के पीछे तरफ संचालकों द्वारा अवैध रूप से पोड़ा कोयला का काम किया जा रहा है। वहीं मुगमा स्टेसन रोड में सुमित फ़्यूएल्स के बाद एसडीपीओ द्वारा गल्फरबाड़ी ओपी क्षेत्र अंतर्गत दूधियापानी के विभिन्न भट्ठों में भी छापेमारी की गई। दूधियापानी में पुलिस के हाँथ कुछ नहीं लगा और पुलिस को वापस लौटना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार दूधियापानी के कुछ भट्ठों में भी भारी मात्रा में अवैध कोयला लिया और खपाया जा रहा था लेकिन पिछले कुछ दिनों से भट्ठा संचालकों द्वारा अवैध कोयला नहीं लिया जा रहा है।