कोडरमा: दवा दुकानदार कोरोना पॉजिटिव, डोमचांच बना कंटेंमेंट जोन

कोडरमा: दवा दुकानदार कोरोना पॉजिटिव, डोमचांच बना कंटेंमेंट जोन

  • नहीं है कोई ट्रेवल हिस्ट्री, कम्युनिटी ट्रांसमिशन का खतरा बढ़ा

  • डोमचांच का एक इलाका हुआ सील

डोमचांच के ढाब रोड निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद सोमवार को उक्त इलाके को कंटेंमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया। इसके साथ ही पूरे इलाके को सेनिटाइज किया गया और लोगों के बाहर आने जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

रिकवरी रेट 83 प्रतिशत से अधिक

वैसे तो जिले में कोरोना पॉजीटिव मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या बढ़ रही है और रिकवरी रेट 83 प्रतिशत से अधिक है। इसके बावजूद रविवार को डोमचांच का एक ऐसा मामला सामने आया जिससे स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गयी हैं।

संक्रमित व्यक्ति का कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं

डोमचांच के उक्त मामले में संक्रमित व्यक्ति का कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। ऐसे में यह व्यक्ति कहां से किस प्रकार संक्रमित हो गया यह पता करना मुश्किल है, वहीं अन्य कई स्थितियों पर अब प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को फोकस करना पड़ रहा है।

यह मामला एक तरह से कम्युनिटी ट्रांसमिशन का कहा जा सकता है। संक्रमित मिला व्यक्ति डोमचांच में मेडिकल की दुकान चलाता है। सम्भव है कि दुकान में ही या आसपास के किसी व्यक्ति से इसका प्रसार हुआ हो।

मामले पर विभागीय पदाधिकारी मौन

इस पूरे मामले को लेकर विभागीय पदाधिकारी कुछ भी स्पष्ट नहीं बोल पा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिला स्तर पर ट्रूनेट मशीन व बाद में एसए किट से हुई जांच में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। डोमचांच प्रखंड के ही खरकार के रहने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

कुछ दिनों पहले हरियाणा से लौटा था व्यक्ति

यह व्यक्ति कुछ दिनों पहले हरियाणा से लौटा था। हालांकि, वह क्वारेंटाइन था। दूसरे मामले में डोमचांच का ढाब रोड निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति कोरोना का लक्षण मिलने पर जांच के लिए सदर अस्पताल पहुंचा। यहां एहतियात के तौर पर उसकी तुरंत जांच की गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

कुल संक्रमितों की संख्या 174

इसके अलावा अब डोमचांच क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इन दो नए मामलों को लेकर जिले में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 174 हो गई है, इनमें 145 स्वस्थ हो चुके हैं, एक की मृत्यु हो चुकी है जबकि अभी सक्रिय केस की संख्या 28 है।

सील किया गया इलाका

सोमवार को डोमचांच बाजार के एक इलाके को सील कर दिया गया। डोमचांच बीडीओ मनीष कुमार और थाना प्रभारी दशरथ यादव इस दौरान खुद वहां मौजूद थे। टीम के द्वारा बांस बल्ली लगाकर उस क्षेत्र के लोगों को बाहर जाने या बाहर के लोगों को उस क्षेत्र में आने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।