रांचीः 8 दिनों बाद सीएम पहुंचे प्रोजेक्ट बिल्डिंग, लेंगे कोविड-19 से जुड़ी फीडबैक
- By admin --
- 16 Jul 2020 --
- comments are disable
लगभग 8 दिनों के सेल्फ आइसोलेशन रहने और इस दौरान हुई कोविड-19 की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार की दोपहर स्टेट सेक्रेटेरिएट प्रोजेक्ट बिल्डिंग पहुंचे। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीएम राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर रिव्यू करेंगे।
दरअसल, बुधवार को राजधानी रांची में 300 से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। वहीं राज्य भर में अब तक 4,500 से अधिक संक्रमित लोगों के मामले सामने आए हैं। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री सोरेन गुरुवार को अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग करने जा रहे हैं।
बैठक में कोरोना के खिलाफ स्ट्रेटजी बनाने पर चर्चा होगी। दरअसल सोरेन 8 जुलाई को होम क्वॉरेंटाइन में चले गए थे। जैसे ही उनके कैबिनेट के एक मंत्री मिथिलेश ठाकुर और पार्टी के वरिष्ठ विधायक मथुरा महतो की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई उसके तुरंत बाद सोरेन ने सेल्फ आइसोलेशन में रहना तय किया।
सेल्फ आइसोलेशन में रहने के 3 दिन के बाद सोरेन की बाकायदा कोविड-19 की जांच हुई और उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई उनके अलावा उनकी पत्नी कल्पना सोरेन समेत चीफ मिनिस्टर ऑफिस के कर्मियों की भी कोविड-19 की जांच की गई जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।