रांचीः झारखंड में 31 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन, रियायतें जारी
- By admin --
- 27 Jun 2020 --
- comments are disable
कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमण के फैलाव पर अंकुश को लेकर झारखंड में 22 मार्च से लागू लॉकडाउन को राज्य सरकार ने आगामी 31 जुलाई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार देर शाम ट्वीट कर यह जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना से संघर्ष में आम जनों के सहयोग से अब तक संक्रमण पर अंकुश लगाने में अपेक्षित सफलता मिली है, पर संघर्ष अभी जारी है।
उन्होंने बताया कि स्थति की गम्भीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 22 मार्च को लॉकडाउन लागू करने के बाद समय समय पर लॉकडाउन में दी गयी रियायतें आगे भी जारी रहेंगी।
31 जुलाई तक झारखंड में लॉकडाउन बढ़ाने को लेकर गृह एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी है।
इसके तहत फिलहाल धार्मिक स्थल नहीं खुलेंगे, सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन,शैक्षणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक समारोह या मेला अथवा बड़े कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। सिनेमा हॉल, जिम, स्वीमिंग पुल, पार्क, थियेटर एसेंबली हॉल व अन्य स्थान बंद रहेंगे। शॉपिंग मॉल, होटल, लॉज, धर्मशाला व रेस्टोरंट बंद रहेंगे। सैलुन व स्पा भी बंद रहेंगे।
वहीं रात 9 बजे से सुबह पांच बजे तक आवश्यक गतिविधियों को छोड़ कर अन्य मूवमेंट बंद रहेगा। सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनना अनिार्य होगा, सामाजिक दूरी बनाये रखना जरूरी होगा।शादी व अन्य सामाजिक समारोह में 50 से अधिक लोग नहीं जुटेंगे।
गौरतलब है कि अनलॉक-1 में हेमंत सरकार ने कंटेनमेंट जोन को छोड़कर बाकी जगहों के लिए कई सेक्टरों में छूट दी है। इससे पहले गुरुवार को भी सरकार ने विभागों के सचिवों के साथ बैठक के बाद एक आदेश जारी किया था, इस आदेश में ई-कॉमर्स पर लगी रोक हटा ली गयी थी। इसके पूर्व ऑनलाइन शॉपिंग के तहत सिर्फ जरूरी सामान की खरीद किये जाने की अनुमति थी। वहीं आदेश में लोगों को मॉर्निंग वॉक और खुले मैं व्यायाम की भी छूट दी गयी थी।