पलामू। विशाखापट्टनम से 22 जिलों के लौटे लोग,किया जायेगा होम क्वारैंटाइन
- By admin --
- 12 May 2020 --
- comments are disable
पलामू। विशाखापट्टनम से 1157 मजदूरों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन मंगलवार सुबह करीब पांच बजे पलामू के डालटेनगंज स्टेशन पहुंची। ट्रेन में 22 जिलों के 1157 प्रवासी मजदूर सवार थे। ट्रेन के यहां पहुंचने के बाद स्टेशन पर मौजूद रेलवे पुलिस बल ने आने वाले सभी श्रमिकों को ट्रेन से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए उतारा। ट्रेन से आए हुए श्रमिकों में 407 श्रमिक पलामू जिले के है।
झारखंड के 22 जिलों के कुल 1157 लोग आए
प्रवासी मजदूरों में झारखंड के कुल 22 जिलों में से कुल 1157 लोग आये, जिसमे पलामू के 407, गढ़वा के 231, चतरा के 89, पूर्वी सिंहभूम के 62, सरायकेला के 49, पश्चिमी सिंहभूम के 46, बोकारो के 41, लातेहार के 39, गोड्डा के 32, गुमला के 31, रामगढ़ के 31,हज़ारीबाग़ के 28, दुमका के 13, देवघर के 13 , खूंटी के 13, सिमडेगा के 12, गिरीडीह के 5, रांची के 5, धनबाद के 4, साहेबगंज के 4, जामताड़ा के 1, तथा कोडरमा के 1 श्रमिक शामिल थे।
मेडिकल टीम को किया गया तैनात
विशाखापट्टनम से आने वाले श्रमिकों के लिए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी डॉक्टर शान्तनु कुमार अग्रहरि के निर्देश पर डाल्टनगंज स्टेशन के प्लेटफार्म पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। इसके लिए पहले से दण्डाधिकारी की नियुक्ति की जा चुकी थी। इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर जवानों की तैनाती की गई थी।
किया जायेगा होम क्वारैंटाइन
चियांकी स्थित सहायता केंद्र में मौजूद उप विकास आयुक्त बिंदु माधव प्रसाद सिंह ने बताया कि विशाखापट्टनम से आने वाले सभी श्रमिकों को 14 दिनों तक होम क्वारैटाइन के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा श्रमिकों से मास्क का उपयोग तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए अपील की गई।
सहायता केंद्र में मौजूद जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम ने श्रमिकों से चिकित्सकों द्वारा दिए गए चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने तथा सतर्क व सुरक्षित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशाखापट्टनम से आने वाले सभी मजदूरों को उनके गंतव्य स्थान तक भेजने हेतु प्रयोग किये जाने वाले बसों को पूरी तरह से सेनेटाइजड कर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेलवे स्टेशन पर उठाये गए व्यापक कदम
श्रमिकों के आगमन को लेकर पलामू रेलवे स्टेशन परिसर को पूर्ण रूप से सैनिटाइज किया गया था एवं सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन हेतु जगह-जगह बेरिकेड्स कर गोल घेरा का निर्माण कराया गया था। इसके अलावा सुरक्षित व्यवस्था व विधि-व्यवस्था के पालन के लिए पलामू रेलवे स्टेशन परिसर में पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम के साथ दण्डाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मियों की तैनाती पूर्व से ही की गई थी।