चतराः स्कूल प्रबंधक से रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार
- By admin --
- 07 Jul 2020 --
- comments are disable
-
गिरफ्तार अपराधी बिहार के हैं रहने वाले
चतरा जिले के नक्सल प्रभावित प्रतापपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक निजी स्कूल से रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। साथ ही निजी स्कूल के प्रबंधक से पांच लाख की रंगदारी मांगने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गया जिले से हुई गिरफ्तारी
एसपी ऋषभ झा के निर्देश पर पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों अपराधियों को बिहार के गया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में प्रिंस कुमार और सूरज कुमार शामिल है। दोनों बिहार के गया जिले के ही कोठी थाना क्षेत्र के रहने वाले है। एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि दोनों अपराधियों के द्वारा चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बोधना-विशुनपुर में रहने वाले स्कूल प्रबंधक सुधीर कुमार से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी गई थी।
उन्होंने बताया कि रंगदारी मांगने वाले दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी झारखंड व बिहार पुलिस की संयुक्त छापेमारी में हुई है। दोनों अपराधी सुधीर कुमार को रंगदारी के लिए लगातार फोन कर रहे थे। रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की भी धमकी भी दी जा रही थी।
एसडीपीओ ने बताया कि स्कूल के प्रबंधक से रंगदारी मांगने की घटना सामने आने के बाद चतरा एसपी ऋषभ झा के निर्देश पर प्रतापपुर थाना की पुलिस ने बिहार के गया में स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से रंगदारी मांगने में प्रयुक्त मोबाइल समेत विभिन्न कंपनियों के तीन मोबाइल फोन व दो आधार कार्ड बरामद किया गया है।