लातेहार : सांसद प्रतिनिधि की हत्या के बाद छानबीन कर रही पुलिस को मिला सुराग
- By admin --
- 06 Jul 2020 --
- comments are disable
-
हत्या के लिए प्रयोग में लाया गया पिस्टल बरामद
-
जांच में जुटी पुलिस जल्द कर सकती है खुलासा
लातेहार जिला के बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय में देर शाम अज्ञात अपराधियों ने चतरा सांसद के जिला प्रतिनिधि और बीजेपी नेता जयवर्धन सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी। जयवर्धन बरवाडीह बस स्टैंड के पास अपनी ही दुकान में बैठे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी। गोलियां लगते ही सिंह वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस ने किया हथियार बरामद
मिली जानकार के अनुसार बीजेपी नेता और चतरा सांसद के प्रतिनिधि जयवर्धन सिंह की हत्या में प्रयोग में लाया गया हथियार सोमवार की सुबह बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम ने अपराधियों द्वारा फेंकी गई पिस्तौल प्रखंड के बाजार क्षेत्र में एक बड़े निजी परिसर से बरामद की। इस परिसर में पहले एक निजी अस्पताल का संचालन किया जाता था।
दुकान में मारी गोली
बता दें कि दो अज्ञात अपराधियों ने जयवर्धन सिंह की रविवार की शाम गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वे बरवाडीह के बस स्टैंड के पास नित्य की भांति बैठे थे। बाद में अपराधी पैदल ही भाग निकले थे। बरवाडीह के एसडीपीओ अमरनाथ ने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद कर ली है। इस अपराधियों ने भागते समय फेंक दिया था।
पूरे इलाके में पसरा सन्नाटा
उन्होंने आगे बताया कि कई बिंदुओं पर मामले की जांच चल रही है। हालांकि उन्होंने इस विषय में ज्यादा जानकारी देने से मना कर दिया। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार इस मामले पुलिस जेल में बंद के हत्या के एक आरोपी की भाजपा नेता से कथित दुश्मनी के एंगल को भी ध्यान में रख कर जांच को आगे बढ़ा रही है। इस बीच सोमवार को इस हत्याकांड के विरोध में बरवाडीह बाजार के लोगों ने स्वतः अपनी दुकानें बंद रखीं और पुरे बाजार क्षेत्र में सन्नाटा छाया रहा।
