चतरा: अपराधियों ने आरजेडी नेता को मारी गोली, गंभीर अवस्था में रिम्स रेफर
- By admin --
- 17 Aug 2020 --
- comments are disable
झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने रविवार देर शाम राष्ट्रीय जनता दल, आरजेडी नेता इंद्रदेव यादव को गोली मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हंटरगंज थाना क्षेत्र में बाजार से तिलहेत गांव वापस लौटने के क्रम में हथियारबंद अपराधियों ने राजद नेता को अपना निशाना बनाया है। बताया गया है कि आरजेडी नेता को हंटरगंज बाजार से अपने गांव तिलहेत लौटने के दौरान अपराधियों ने उरैली-तिलहेत मुख्य पथ पर स्थित कल्याणपुर मोड़ के समीप गोली मारी है।
अपराधी मौके से भागने में सफल रहे
वे अपनी मां के लिए दवा लेकर बाजार से घर जा रहे थे। जिसके बाद घायल राजद नेता को ग्रामीणों के सहयोग से गंभीर अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र हंटरगंज में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया था। जहां से फिर उन्हें रिम्स भेज दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से भागने में सफल रहे। हालांकि घायल में हमलावरों की पहचान की है।
पुराने भूमि विवाद को लेकर घटना को अंजाम देने का आरोप
घायल आरजेडी नेता ने गांव के ही चार लोगों पर पुराने भूमि विवाद को लेकर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस को दिये गये बयान में उन्होंने कहा है कि हमलावरों ने पूर्व में भी उन्हें फोन पर कई बार गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
पुलिस चला रही छापामारी अभियान
जानकारी के अनुसार राजद नेता को दाएं कंधे में गोली लगी है। घटना की सूचना पाकर दर्जनों नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे हैं। इधर घटना के बाद जहां इलाके में दहशत का माहौल है वही लोगों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद हंटरगंज थाना पुलिस इलाके की नाकाबंदी कर हमलावरों की धरपकड़ में जुट गई है। पुलिस सभी संभावित स्थानों पर छापामारी अभियान चला रही है।