चतरा : पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर किया अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त
- By admin --
- 22 Aug 2020 --
- comments are disable
चतरा में अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान जारी है। एसपी ऋषभ झा को मिल रहे इनपुट के आधार पर जिले के विभिन्न थानों की पुलिस लगातार अभियान चलाकर ना सिर्फ जिले में सक्रिय शराब माफियाओं पर नकेल कस रही है, बल्कि प्रतिदिन सैकड़ों लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त कर अवैध रूप से संचालित दर्जनों भट्ठियों को भी ध्वस्त कर रही है।
सदर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने इस बार थाना क्षेत्र के लरकुआ और ऊंटा गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया है।
पुलिस ने गांव से सटे जंगली इलाके में अवैध रूप से संचालित अवैध शराब भट्ठियों को पकड़कर ध्वस्त किया है। इस दौरान पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से करीब साढे़ आठ क्विंटल जावा महुआ और सैकड़ों लीटर निर्मित देशी शराब भी जप्त किया है।
जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। छापेमारी टीम में शामिल अधिकारियों व जवानों ने मौके पर शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों को भी नष्ट कर दिया।
अभियान जारी रहेगा
हालांकि इस दौरान मौके से भट्ठी संचालक और तस्कर पुलिस को देखकर भागने में सफल रहे। थाना प्रभारी ने कहा है कि थाना क्षेत्र में किसी भी परिस्थिति में अवैध शराब कारोबार को पांव पसारने नहीं दिया जाएगा। कानून व्यवस्था को चुनौती पेश कर अवैध रूप से कारोबार संचालित करने वाले कारोबारियों के विरूद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।