साहेबगंज : फैसला हास्यास्पद, फेल हो चुकी है झारखंड सरकार – अनंत तिवारी

 भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री अनंत तिवारी ने झारखंड सरकार द्वारा लाये गए अध्यादेश में मास्क नहीं पहनने पर 2 साल की सजा व 1 लाख रुपये के जुर्माने को तुगलकी फरमान कहा है ।

श्री तिवारी ने कहा कि आज जहां पूरा देश कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है । राज्य के सामने भी बेहतर स्वास्थ्य की कमी व रोजगार की समस्या चट्टान जैसी खड़ी है । लोग किसी तरह अपनी जिंदगी गुजर बसर कर रहे हैं, किसी तरह उन्हें दो जून की रोटी नसीब हो रही है । ऐसे में झारखंड सरकार का यह नया आदेश एक तुगलकी फरमान है ।

इससे निश्चित रूप हमारे राज्य की गरीब जनता पिस जाएगी । अगर गलती से भी कोई आम जनता पकड़ा जाता है तो 1 लाख रुपया का जुर्माना उसकी रेंगती जिंदगी पर भारी पड़ेगा तथा उसकी जिंदगी तबाह हो जाएगी । झारखंड में स्वास्थ व्यवस्था सुधर नही रही. चारो तरफ हत्या , लूट , अपरहण आदि चरम सीमा पर है ऐसा प्रतीत होता है कि हेमन्त सरकार फेल हो चुकी है । जनता के प्रति उनका कोई संवेदना नही है ।