ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा Yamuna Expressway

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा Yamuna Expressway, वेस्ट यूपी और हरियाणा के लोगों को होगा फायदा

यमुना एक्सप्रेसवे को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए इंटरचेंज निर्माण का रास्ता मंगलवार को साफ हो गया। प्रदेश कैबिनेट ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को इंटरचेंज निर्माण की स्वीकृति दे दी।
एनएचएआई पहले ही सर्वे कार्य पूरा कर चुकी है। आठ लूप के इंटरचेंज के निर्माण से दोनों एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ने के साथ यीडा की साठ मीटर चौड़ी सड़क से भी कनेक्टिविटी हो जाएगी। इंटरचेंज निर्माण पर 270 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

यमुना प्राधिकरण ने दोनों एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए इंटरचेंज निर्माण की जिम्मेदारी 2019 में दिल्ली की देव एस कंपनी को सौंपी थी, लेकिन किसानों से जमीन न मिलने पर इंटरचेंज का निर्माण शुरू नहीं हो पाया। जमीन का रोड़ा दूर होने पर इंटरचेंज की बढ़ी 22 करोड़ रुपये निर्माण लागत को लेकर पेंच फंस गया।
यीडा ने इंटरचेंज निर्माण की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपी थी, लेकिन कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के इंतजार में निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सकता था। मंगलवार को प्रदेश कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है।