हास्यास्पद और जनविरोधी फैसले को तुरंत वापस ले सरकार- आप

आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक श्री जयशंकर चौधरी ने झारखंड कैबिनेट द्वारा मास्क नहीं लगाने पर एक लाख रूपये जुर्माना और 2 साल की जेल जैसे प्रावधान वाले अध्यादेश को वापस लेने की माँग की है।

श्री चौधरी ने कहा है कि इस तरह का तुगलकी फरमान सरकार के दीवालियेपन को दिखाता है। सरकार पहले हर व्यक्ति, हर घर तक मास्क और सैनिटाजर उपलब्ध कराये, फिर इस तरह के किसी फैसले के बारे में सोचे। अपनी कमियों को छुपाने के लिये वर्तमान सरकार इस तरह के जनविरोधी फैसले ले रही है।
मास्क नहीं लगाने पर 2 साल की जेल, एक लाख रु.जुर्माने के प्रावधान का झारखंड सरकार का निर्णय हास्यास्पद है। इस तरह के हास्यापद फैसले से ना तो जबरन नियमों का पालन कराया जा सकता है और ना इससे समस्याओं का समाधान हो सकता है। झारखंड विरोधी मानसिकता के अफसर जनता को लूटने के लिए ऐसी मनमर्जी थोप रहे हैं।

एक कल्याणकारी राज्य में सरकार का काम है लोगों को जागरूक करना, इलाज और रोजी-रोटी का इंतजाम करने के साथ अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है, ना कि उनका शोषण करना । सरकार व्यवहारिक तरीके से जनता से लॉकडाउन और नियमों का पालन कराये और ऐसे जनविरोधी फैसले को तुरंत वापस ले।