रांची। राज्य के 15 जिलों में फैला कोरोना,देर रात लातेहार जिले की नई एंट्री
- By admin --
- 13 May 2020 --
- comments are disable
रांची। राज्य में अब तक 174 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। संक्रमण अब राज्य के 24 में से 15 जिलों फैल चुका है। मंगलवार रात लातेहार जिले की नई एंट्री हुई है। यहां एक मरीज में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। मंगलवार को कुल 11 नए संक्रमित राज्य में मिले। इनमें लातेहार से एक, गिरिडीह से एक, रांची से एक, पूर्वी सिंहभूम से दो जबकि हजारीबाग में छह नए मरीज मिले हैं।
बढ़ रही है कोरोना की संख्या
मंगलवार को जो 11 नए केस मिले हैं, ये सभी हाल ही में दूसरे राज्यों से झारखंड लौटे हैं। 1 मई से दूसरे राज्यों से लोगों का झारखंड लौटना शुरू हुआ है। राज्य सरकार के आंकड़े बताते हैं कि तब से अब तक 60 हजार से ज्यादा मजदूर-छात्र व अन्य लोग राज्य में आ चुके हैं। मगर 1 मई से 12 मई के बीच कुल 9044 ही कोरोना टेस्ट हुए हैं। घर वापसी करने वाले लोगों की संख्या से तुलना करें तो 15% ही टेस्ट हुए…इनमें भी सभी टेस्ट बाहर से आए लोगों के नहीं थे।
48 मरीज दूसरे प्रदेशों से झारखंड लौटे
टेस्टिंग की यह धीमी रफ्तार ही राज्य में केस मिलने की कम हुई रफ्तार की मुख्य वजह बन गई है।राज्य में अब तक मिले 174 मरीजों में से 96 मरीज जहां रांची के हैं, वहीं 78 मरीज अन्य जिलों के हैं। इस 78 में से 48 मरीज दूसरे प्रदेशों से झारखंड लौटे हैं। वहीं सिमडेगा, पलामू और गढ़वा के पांच मरीज रांची से लौटे थे। जबकि, 11 मरीज इन मरीजों के रिश्तेदार हैं।