चमोली टनल हादसे में झारखंड के मजदूर फंसे, हेमंत सोरेन ने CM धामी से की बात
- By rakesh --
- 14 Aug 2026 --
- comments are disable
रांची: उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन टनल के धंसने से हुए हादसे ने चिंता बढ़ा दी है। हादसे में कई मजदूरों के मारे जाने और कई श्रमिकों के अंदर फंसे होने की सूचना है। इनमें झारखंड के खूंटी, गुमला समेत अन्य जिलों के मजदूरों के भी शामिल होने की आशंका जताई गई है। हादसे में झारखंड के कुछ श्रमिकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर चिंता जताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत की है। उन्होंने झारखंड के श्रमिकों समेत टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने की जानकारी दी है।
टनल में झारखंड के मजदूरों के फंसे होने की सूचना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अनुसार, उन्हें खूंटी और गुमला जिले के कई मजदूरों के निर्माणाधीन टनल में फंसे होने की सूचना मिली है। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से संपर्क कर राहत और बचाव अभियान की स्थिति की जानकारी ली। हादसे के बाद बचाव दल टनल के अंदर फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने में जुटे हैं। झारखंड सरकार भी संबंधित अधिकारियों के माध्यम से श्रमिकों की स्थिति और पहचान की जानकारी जुटा रही है।
हादसे पर सीएम हेमंत सोरेन ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने टनल हादसे को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि निर्माणाधीन सुरंगों में बार-बार होने वाली दुर्घटनाएं और श्रमिकों के फंसने की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने विकास कार्यों की जरूरत को स्वीकार करते हुए पर्यावरणीय संतुलन और प्रकृति के संरक्षण पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्राकृतिक संसाधनों के अनियंत्रित दोहन के परिणामों को गंभीरता से समझने की आवश्यकता है।
झारखंड सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
चमोली परियोजना में काम कर रहे झारखंड के श्रमिकों के परिजनों और परिचितों से सरकार ने जानकारी साझा करने की अपील की है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
टोल फ्री हेल्पलाइन: 1800-3456-526
व्हाट्सऐप नंबर:
9470132591
9431336472
9431336427
सरकार ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका कोई परिजन या परिचित चमोली की संबंधित परियोजना में कार्यरत है, तो उसकी जानकारी हेल्पलाइन के माध्यम से साझा करें।
श्रम विभाग और प्रवासी नियंत्रण कक्ष सक्रिय
झारखंड सरकार का श्रम विभाग और राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष हादसे के बाद लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सरकार की प्राथमिकता टनल में फंसे श्रमिकों की स्थिति की जानकारी जुटाने और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की है। बताया गया है कि झारखंड से एक उच्चस्तरीय टीम को चमोली भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। श्रमिकों की वास्तविक संख्या, उनकी स्थिति और हादसे में झारखंड के कितने लोगों के प्रभावित होने की आधिकारिक जानकारी संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें: रांची के जगन्नाथपुर मंदिर के संचालन के लिए बनेगी 11 सदस्यीय कमेटी, हाईकोर्ट का निर्देश