दुर्गापूजा से पहले बदलेगी जमशेदपुर की ट्रैफिक व्यवस्था

दुर्गापूजा से पहले बदलेगी जमशेदपुर की ट्रैफिक व्यवस्था, प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट फ्री और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने की तैयारी

जमशेदपुर: दुर्गापूजा के दौरान शहर की सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जमशेदपुर की ट्रैफिक व्यवस्था में जल्द बदलाव किया जाएगा। सड़क हादसों पर नियंत्रण और जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और टाटा स्टील ने मिलकर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की है।

शॉर्ट टर्म प्लान के तहत पूजा से पहले प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था लागू करने, खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा डिवाइडर, स्लाइडर और ट्रैफिक सिग्नल को भी व्यवस्थित किया जाएगा।

तीन चरणों में होगा सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक सुधार

समाहरणालय सभागार में शनिवार को सड़क सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त राजीव रंजन ने की। इसमें एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारीब समेत जिला प्रशासन, पुलिस और टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म प्लान के तहत बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ठोस और चरणबद्ध कदम उठाने पर जोर दिया।

पूजा से पहले प्रमुख चौराहों पर होंगे ये काम

शॉर्ट टर्म प्लान के तहत उन कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें कम समय में पूरा किया जा सकता है। इसके अंतर्गत प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था लागू करना और खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करना शामिल है।

इसके अलावा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। डिवाइडर और स्लाइडर की स्थिति सुधारने के साथ ट्रैफिक सिग्नलों को भी व्यवस्थित किया जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि दुर्गापूजा से पहले इन उपायों को लागू करने से भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात का दबाव कम करने और जाम की स्थिति नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

दो से तीन महीने में होंगे संरचनात्मक सुधार

मिड टर्म प्लान के तहत अगले दो से तीन महीनों में जरूरी संरचनात्मक और यातायात प्रबंधन से जुड़े सुधार किए जाएंगे। इस चरण में सड़क सुरक्षा से संबंधित स्थायी उपायों पर ध्यान दिया जाएगा।

वहीं, लॉन्ग टर्म प्लान के तहत टाटा स्टील की तकनीकी विशेषज्ञ टीम पूरे शहर का विस्तृत ट्रैफिक सर्वे करेगी। इस सर्वे में प्रमुख सड़कों, चौराहों, यातायात प्रवाह और जाम वाले क्षेत्रों का अध्ययन किया जाएगा।

सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बनेगी विस्तृत कार्ययोजना

टाटा स्टील की तकनीकी टीम द्वारा तैयार की जाने वाली सर्वे रिपोर्ट के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के साथ दोबारा समीक्षा बैठक होगी। रिपोर्ट के आधार पर शहर में बड़े स्तर पर यातायात सुधार से जुड़े कार्यों की योजना तैयार की जाएगी।

बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी, जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

टाटा स्टील की ओर से चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज बरुन बजाज, चीफ सिक्योरिटी ब्रिगेडियर जितेंद्र कुमार शेखावत, जुस्को के आरके सिंह और अमित सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें: ताजदार आलम ने संभाला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पद, मुस्लिम समाज तक पहुंच बढ़ाने पर जोर