एशियन गेम्स गोल्ड जीतकर रांची लौटीं झारखंड की 4 हॉकी बेटियां, CM हेमंत सोरेन ने किया सम्मान
- By rakesh --
- 04 Oct 2026 --
- comments are disable
रांची: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली झारखंड की चार खिलाड़ी रविवार को रांची पहुंचीं। कप्तान सलीमा टेटे, ओलंपियन निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और युवा खिलाड़ी दीपिका सोरेंग के रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चारों खिलाड़ियों से मुलाकात कर एशियन गेम्स में उनके प्रदर्शन और तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुभव भी जाने।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल करने पर चारों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
हेमंत सोरेन ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने में झारखंड की खिलाड़ियों का योगदान राज्य और देश के लिए गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और जज्बे की सराहना की।
44 साल बाद महिला हॉकी में आया एशियन गेम्स गोल्ड
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की चार खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग ने भी टीम के अभियान में योगदान दिया।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत
जापान से बेंगलुरु होते हुए रांची पहुंचीं चारों खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेलप्रेमी और परिजन मौजूद रहे।
खिलाड़ियों के एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही ढोल-नगाड़ों के बीच उनका स्वागत किया गया। खेलप्रेमियों ने हॉकी स्टिक, फूल-मालाओं और बुके के साथ चैंपियन खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।
सबसे भावुक पल उस समय देखने को मिला, जब चारों खिलाड़ियों ने अपने माता-पिता और परिजनों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने उन्हें फूल-मालाएं और मिठाई देकर सम्मानित किया।
झारखंड की बेटियों को खेल में आगे बढ़ने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से झारखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इन सफलताओं से राज्य और देश की युवा पीढ़ी, खिलाड़ियों और विशेषकर झारखंड की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को आगे भी इसी उत्साह, लगन, मेहनत और समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है।
विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच-सह-सीईओ झारखंड रजनीश कुमार और जेनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘झारखंड की बेटियां जिंदाबाद’ के नारों से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।