गढ़वा। गढ़वा जिला हुआ कोरोना मुक्त,तीनों मरीजों को भेजा गया घर

गढ़वा। जिले के तीनों कोरोना संक्रमित मरीज की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। तीनों में से एक मरीज के किडनी में समस्या थी, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि दूसरे और तीसरे मरीज को अस्पताल से शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई है।

पुष्पगुच्छ देकर किया गया स्वागत

इस अवसर पर सिविल सर्जन गढ़वा नंद किशोर रजक, बीडीओ मनोज कुमार तिवारी, सीओ यशवंत नायक सहित मेडिकल टीम ने कोरोना से ठीक हुए दोनों बच्चों को पुष्पगुच्छ देकर तथा ताली बजाकर स्वागत किया और उन्हें घर भेजा। बता दें कि जिले का पहला कोरोना पॉजिटिव 22 अप्रैल को मिला था।

मिला था कोरोना मरीज

इसके बाद उससे संबंधित लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इनकी रिपोर्ट 26 अप्रैल को आयी थी। जिसमें दो और पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद पॉजिटिव पाए गए लोगों से पहली व दूसरी बार संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजा गया जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।

रिश्तेदारों का रिपोर्ट आया निगेटिव

कोविड-19 को लेकर गढ़वा में मिले संक्रमित मरीज के बाद जिला प्रशासन द्वारा सील किए गए पठान टोली व साईं मोहल्ला के 116 घरों के लोगों को अभी कम से कम एक सप्ताह का और इंतजार करना पड़ेगा। पहला मरीज व उनके दो रिश्तेदारों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।

116 घरों की हो रही कोरोना जांच

उम्मीद है कि कंटेनमेंट जोन व बफर जोन से पठान टोली व साईं मोहल्ला को मुक्त किया जा सकेगा। यहां के 116 घरों के लोगों की टेस्टिंग स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोजाना की जा रही है। अभी तक कंटेनमेंट जोन से 43 लोगों का जांच के लिए सैंपल भेजा जा चुका है। जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।