राज्य सरकार की सभी सेवाओं एवं पदों में प्रोन्नति पर अगले आदेश तक के लिए रोक- हेमंत सोरेन
- By rakesh --
- 24 Dec 2020 --
- comments are disable
राज्य सरकार की सभी सेवाओं एवं पदों में प्रोन्नति पर अगले आदेश तक के लिए तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के प्रोन्नति के मामले से संबंधित विधानसभा की विशेष समिति की बैठक में इसकी समीक्षा के उपरांत सरकारी सेवाओं एवं पदों में प्रोन्नति पर रोक लगाने का आदेश दिया । कार्मिक प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है । सभी विभागीय प्रमुख, प्रमंडल के आयुक्त और जिलों के उपायुक्तों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए गए है ।
विधानसभा के विशेष समिति के सदस्यों के साथ की चर्चा
मुख्यमंत्री ने आज अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के प्रोन्नति के मामले से संबंधित विधानसभा की विशेष समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर पूरे वस्तुस्थिति की जानकारी ली । इस मौके पर समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सरकार द्वारा बनाए गए नियमों एवं निर्देशों के अनुकूल प्रोन्नति देने को लेकर प्रस्ताव एवं प्रतिवेदन सौंपा ।पूरे मामले की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री ने इस संबंध में जल्द ही ठोस निर्णय लेने की बात कही ।