रांची। राज्य में प्रवाशी मजदूरों का आना जारी,चेन्नई से लौटे12 सौ श्रमिक

रांची। राजधानी रांची में बुधवार की सुबह चेन्नई से 1200 श्रमिकों को लेकर एक स्पेशल ट्रेन हटिया पहुंची। सभी को प्लेटफॉर्म पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाते हुए बाहर लाया गया। उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद उनके संबंधित जिलों की बसों में उन्हें बैठाकर रवाना किया गया। इस ट्रेन से आए सभी लोग अपने-अपने जिले में बने क्वारैंटाइन सेंटर में रहेंगे। इधर, 14 मई गुरुवार को रांची रेलवे स्टेशन पर रांची-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पहुंचेगी।

जरूरी काम का हवाला देकर निकल रहे लोग

राजधानी रांची में लॉकडाउन के दौरान आवागमन अन्य दिनों के मुकाबले बढ़ गया। शहर की सड़कों पर वाहनों का मूवमेंट दिखा। पुलिस भी सामान्य तरीके से जांच पड़ताल कर लोगों को आने जाने देती दिखी। क्योंकि अधिकतर लोग या तो जरूरी काम का हवाला देकर आना-जाना कर रहे हैं या उनके पास प्रशासन की ओर से जारी पास है। एमजी रोड छोड़कर शहर के अन्य रूट में लोगों का मूवमेंट बढ़ा है। हालांकि हिंदपीढ़ी कंटोनमेंट जोन के पास से गुजरने में लोग परहेज कर रहे हैं। सभी कंटोनमेंट जोन के दोनों तरफ काफी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती भी कर दी गई है ,जो लोगों को आने जाने से रोक रहे हैं।

एक-एक यात्री की मेडिकल जांच होगी

इधर, 14 मई से शुरू हो रही रांची-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रियों के आवागमन को लेकर जिला प्रशासन ने रांची रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को बैठक की। इसकी अध्यक्षता रांची डीसी राय महिमापतरे ने की। उन्होंने रांची डीआरएम नीरज अंबष्ठ से कहा है कि राजधानी ट्रेन के यात्री तीन घंटे पहले स्टेशन पहुंचें। जिससे उनकी सही तरीके से मेडिकल जांच हो सके। उसके बाद ही उन्हें ट्रेन में सफर करने दिया जाएगा।