गिरिडीहः डायरी भेजने के लिए मांगा था पैसा,पहुंचा जेल
- By admin --
- 16 Jul 2020 --
- comments are disable
मुकदमे की डायरी न्यायालय में भेजने के एवज में रिश्वत ले रहा एक पुलिस पदाधिकारी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो धनबाद की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया सहायक अवर निरीक्षक शम्भू कुमार है। शम्भू धनवार थाना में पदस्थापित है।
डायरी भेजने के लिए मांगा था पैसा
मिली जानकारी के अनुसार धनवार थाना के एक मुकदमे की डायरी न्यायालय भेजने के एवज ने शम्भू ने रिश्वत मांगी थी। ऐसे में आवेदक ठक्कन मियां ने इसकी शिकायत धनबाद एसीबी से की थी। शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच की।
बुना गया जाल
जांच में मामला सत्य मिलने पर गुरुवार को मजिस्ट्रेट कुमार बंधु कच्छप, डीएसपी अशोक गिरी, पुलिस निरीक्षक केएन सिंह, जुल्फिकार और बिनोद पासवान दलबल के साथ पहुंचे।धनवार बाजार में ही स्थित एक मॉल के पास शिकायतकर्ता को एएसआई ने बुलाया।
रंगे हाथ गिरफ्तार
जैसे ही शिकायतकर्ता ने एएसआई शम्भू को रिश्वत के तीन हजार पांच सौ रुपए दिए, वैसे ही टीम ने जमादार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बाद में गिरफ्तार जमादार को थाना ले जाया गया जहां से उसे धनबाद लेकर टीम निकल गयी।
10 दिनों में दूसरी कार्रवाई
बता दें कि दस दिनों के अंदर एसीबी की टीम ने दूसरी कार्रवाई की है. इससे पहले 7 जुलाई को धनवार अंचल निरीक्षक को गिरफ्तार किया गया था. एसीबी की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है.