राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने दी राहत फिर किया आगाह !

वीर सावरकर अपमान मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने दी राहत फिर किया आगाह
वीर सावरकर अपमान मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ लखनऊ कोर्ट से जारी समन पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है. सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को आगाह भी किया कि वह गैरजिम्मेदाराना बयान न दें.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर भविष्य में कभी फिर से उन्होंने ऐसा बयान दिया तो कोर्ट बयान पर वह संज्ञान लेगा. कोर्ट ने कहा, ‘आपने महाराष्ट्र में ऐसा बयान दिया. वहां लोग उनकी पूजा करते हैं. आपकी दादी ने भी सावरकर की प्रशंसा करते हुए चिट्ठी लिखी थी. महात्मा गांधी भी अंग्रेज अधिकारियों को पत्र भेजते थे तो लिखते थे- योर फेथफुल सर्वेंट. तो क्या उसके चलते आप महात्मा गांधी को भी अंग्रेजों का नौकर कहेंगे. स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करना गलत है.’

राहुल गांधी ने करीब ढाई साल पहले महाराष्ट्र के अकोला में वीर सावरकर को लेकर बयानबाजी की थी. उस समय वह कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर थे और यात्रा उस दौरान महाराष्ट्र से गुजर रही थी. 17 दिसंबर, 2022 को वह महाराष्ट्र के अकोला जिले में थे. यहां उन्होंने सावरकर को ‘अंग्रेजों के नौकर’ कहकर संबोधित किया था, जिन्हें ब्रिटिश सरकार से पेंशन मिलती थी.