रांची: शहीदों को कांग्रेस की श्रद्धांजलि- वर्तमान परिस्थिति पर ध्यान दें केन्द्र सरकार
- By admin --
- 26 Jun 2020 --
- comments are disable
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से मोरहाबादी स्थित गांधी प्रतिमा के पास शुक्रवार को शहीदों की याद में सलाम दिवस मनाया गया। इस दौरान गलवान घाटी में शहीद हुए 20 जवानों को श्रद्धांजलि स्वरूप कांग्रेस नेताओं ने एक घंटे का मौन रखा।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सह वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता समेत कार्यकारी अध्यक्ष, नेता और कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से पूरे देश में शहीदों का सम्मान दिवस मनाया जा रहा है। इसके तहत शहीद स्मारकों के पास श्रद्धांजलि दी जा रही है।
इसी के तहत मोरहाबादी स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष समेत नेता, कार्यकर्ताओं ने एक घंटे का मौन रख कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गांधी प्रतिमा की सफाई भी की। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सह वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि हम सरकार और सेना के साथ खड़े हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सह वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि चीन के साथ मौजूदा समय में जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, वह चिंता का विषय है. वहीं, उन्होंने कहा कि गलवान घाटी में शहीद जवानों को कभी नहीं भूला जा सकता है। केंद्र और बीजेपी को सलाह देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति को देखना जरूरी है, न कि पुरानी बातों को याद करना।
कार्यक्रम के समापन के बाद स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदर्शों और अहिंसा के सिद्धांत को पूरी दुनिया ने माना है। उन्होंने कहा कि भारत के मित्रवत व्यवहार के साथ दुनियाभर के देश कदमताल करते नजर आए हैं, ऐसी स्थिति में कहीं ना कहीं कोई चूक जरूर हुई है जिसके कारण आज नेपाल जैसा पड़ोसी देश में भारत के साथ संबंधों पर सवाल उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि मां भारती की रक्षा के लिए जान प्राणी देने वाले भारत के वीर सपूतों को आज नमन करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि चीन की कायरता पूर्ण कार्रवाई की कांग्रेस पार्टी निंदा करती है, आज जिस तरह से अंतरराष्ट्रीय कानून की धज्जियां उड़ाई गई है इससे सभी मर्माहत हैं।
इस संकट की घड़ी में सभी कांग्रेस जन केंद्र सरकार के साथ खड़े हैं और प्रधानमंत्री से अपील करते हैं कि मां भारती के सपूतों पर हमला करने वाले और जवानों का लहू बनाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भारत अहिंसा का पुजारी है लेकिन चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह से सक्षम है और जवाब देना भी आता है।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि पूरा देश शहीदों की कुर्बानी को याद रखेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मुद्दे पर सभी देशवासी एकजुट है।