पूर्व मंत्री विमला प्रधान को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, कहा- झारखंड की राजनीति को अपूरणीय क्षति
- By rakesh --
- 19 Sep 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड की पूर्व पर्यटन मंत्री और सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहीं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री दिवंगत विमला प्रधान को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। शनिवार को मुख्यमंत्री रांची के लोअर करमटोली स्थित रोड नंबर-2 पर विमला प्रधान के आवास पहुंचे।
यहां उन्होंने विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवार, समर्थकों और प्रशंसकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
सार्वजनिक जीवन में योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विमला प्रधान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और जनता के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विमला प्रधान ने सिमडेगा सहित पूरे झारखंड के विकास के लिए लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई। जनहित से जुड़े मुद्दों और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को मुख्यमंत्री ने स्मरण किया।
समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए रहीं सक्रिय
मुख्यमंत्री ने कहा कि विमला प्रधान समाज के हर वर्ग और समुदाय के कल्याण के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली सजग और कर्मठ राजनेता थीं।
हेमंत सोरेन ने उनके निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में विमला प्रधान द्वारा किए गए कार्यों और उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा।
रांची के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज
बताया गया कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनका रांची स्थित निजी सैमफोर्ड अस्पताल में इलाज चल रहा था।
इलाज के दौरान शुक्रवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।
विमला प्रधान के निधन पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी शोक व्यक्त किया है।