लातेहार: जयवर्धन सिंह हत्याकांड का खुलासा, इस वजह से हुई थी हत्या
- By admin --
- 13 Jul 2020 --
- comments are disable
लातेहार पुलिस ने बहुचर्चित बीजेपी नेता जयवर्धन सिंह हत्याकांड का उद्भेदन 9 दिनों के भीतर कर दिया। हत्या के खुलासे में स्पष्ट हुआ कि अपराधियों ने अपने लेवी को लेकर उनकी हत्या की थी। खुलासे में पता चला कि अपराधियों द्वारा ठेकेदारों से पैसे लेने में जयवर्धन उनके रास्ते में अड़चन थे।
जानकारी हो कि हत्याकांड के बाद पुलिस ने एसआईटी की टीम गठित की थी, जिसमें पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल 4 अभियुक्तों, राहुल ठाकुर, पलामू जिला के विश्रामपुर का रहने वाला सत्यम, मनोहर परहिया और अंशु कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके साथ पुलिस ने हत्याकांड में उपयोग किये गए एक पिस्टल और मोबाइल बरामद किया है।
क्या था मामला ?
पिछले 5 जुलाई को बीजेपी नेता बरवाडीह थाना क्षेत्र के बाजार में देर शाम 7.30 बजे प्रज्ञा केंद्र के पास बैठे थे, इसी बीच अपराधी आये और नजदीक से गोली मार कर उनकी हत्या कर दी थी। हत्या के तुरंत बाद अपराधी घटनास्थल से भाग निकले थे। इस हत्या के विरोध में लोगों ने सड़क जाम समेत कई आंदोलन किये।
वहीं लातेहार एसपी प्रशांत आनंद ने बताया कि इस हत्याकांड का उद्भेदन पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी, जिसे लेकर एसआईटी की टीम गठित की गई थी, जहां टीम ने बहुत ही बारीकी से जांच की। इस मामले में जेजेएमपी उग्रवादी संगठन से जुड़े बरवाडीह निवासी सुरेश परहिया का नाम हत्या की शाजिशकर्ता के रुप में हुई। साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस गिरफ्तार अपराधी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।