झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, 3 जिलों में 13 लोगों की मौत; यूपी में करंट लगने से 3 की गई जान
- By rakesh --
- 05 Aug 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड में मंगलवार को हुई भारी बारिश के दौरान आकाशीय गिरने से बड़ा हादसा हो गया। गिरिडीह, दुमका और लातेहार जिलों में अलग-अलग घटनाओं में 13 लोगों की मौबिजलीत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। वहीं, उत्तर प्रदेश में करंट लगने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और एक बच्ची को समय रहते बचा लिया गया।
गिरिडीह में सबसे अधिक मौतें
पुलिस के अनुसार, झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से सबसे अधिक प्रभावित गिरिडीह जिला रहा। यहां अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल आठ लोगों की मौत हुई। इनमें खोरिमाहुआ अनुमंडल के अंतर्गत सात लोगों की जान गई, जबकि बगोदर थाना क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई। घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
दुमका और लातेहार में भी गिरी बिजली
दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में एक बच्चे सहित चार अन्य लोग घायल हुए हैं। लातेहार जिले में भी आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और सहायता कार्य शुरू कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में करंट लगने से तीन लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में भी मंगलवार को करंट लगने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। देवरिया जिले में एक आठ वर्षीय बच्ची की मोबाइल फोन चार्ज करते समय करंट लगने से मौत हो गई। एटा जिले में 10 वर्षीय एक बालक की ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से जान चली गई। वहीं, लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र में एक मंदिर के 65 वर्षीय पुजारी की घरेलू बिजली के संपर्क में आने से मृत्यु हो गई। इसके अलावा एटा के मरहारा कस्बे में एक सार्वजनिक वाटर कूलर में करंट आने से छह वर्षीय बच्ची घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों ने समय रहते बचा लिया।
कई राज्यों में भारी बारिश का असर
देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई क्षेत्रों में जलभराव, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां सामने आई हैं। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच कई राज्यों से आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: यमन तट के पास भारतीय झंडे वाला मालवाहक जहाज डूबा, 13 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए