डुमरी से झारखंड मुक्ति मोर्चा की विदाई तय: सुदेश महतो
- By rakesh --
- 28 Aug 2023 --
- comments are disable
• जनता का झामुमो से विश्वास उठ गया है
• डुमरी से आतंक और जंगल राज खत्म कर जनता राज स्थापित करेंगे
चंद्रपुरा। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि डुमरी विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा की विदाई तय है। यहां जनता का झामुमो से विश्वास उठ गया है। डुमरी की जनता बदलाव के लिए आगे बढ़ चुकी है। उपचुनाव में झामुमो वाले अपराधिक आचरण दिखा रहे हैं। हम डुमरी से आतंक और जंगल राज खत्म करके जनता राज स्थापित करेंगे।
डुमरी उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी यशोदा देवी के पक्ष में प्रचार करते हुए आजसू प्रमुख ने सोमवार को चंद्रपुरा के नर्रा, हरलाटांड, बारवाडीह, बेलियाटांड, जुनौरी में पद यात्रा एवं तरंगा, पपलो, नर्रा, अलारगो में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन में साहस है तो प्रचार के दौरान जनता के बीच डुमरी का विकास कार्ड सामने रखें। दुमका के बारे में भी कुछ बताएं। लेकिन मुख्यमंत्री यह नहीं कर सकते क्योंकि राजनीति में सेवा झारखंड मुक्ति मोर्चा या उसके राजा के चरित्र में रहा ही नहीं है। रात में लूट और दिन भर झूठ यही झारखंड मुक्ति मोर्चा और उसकी सरकार का असली चरित्र है।
उन्होंने कहा कि डुमरी में बदलाव पौने चार साल के कुशासन से राज्य को मुक्ति दिलाएगा और 2024 में होने वाले चुनाव में राज्य की दिशा तय करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगले सवा साल में ही डुमरी की तस्वीर हम बदल कर रख देंगे। तब झामुमो के 19 साल के लंबे प्रतिनिधित्व और इस सवा साल के काम का अंतर साफ दिखाई पड़ेगा।
बेरोज़गारी और झूठे वादे पर क्यों नहीं कुछ कहती सरकार
सुदेश महतो ने सवाल किया कि 2019 के चुनाव से पहले किए गए 400 वादे किस हाल में हैं, इस पर झारखंड मुक्ति मोर्चा वाले या मुख्यमंत्री कुछ नहीं कहते। राज्य के 12 लाख लोग दूसरे राज्यों में काम कर रहे हैं। और 40 लाख बेरोजगार हैं। पांच लाख नौकरियां देने के वादे पर मुख्यमंत्री बकरी और सूअर पालने की सलाह देते हैं। इस राज्य के युवाओं में गुस्सा है। निराशा है। इसकी सजा सरकार को भुगतना होगा। राज्य में बढ़ते अपराध पर उन्होंने कहा कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं और सरकार अंकुश लगाने में नाकाम है। मुख्यमंत्री जनता को विश्वास दिलाने में नाकाम रहे हैं कि उनके राज्य में बिना पैसे दिए हुए कोई काम हो सकता है। सरकार ने पुलिस और चोर के बीच के अंतर को समाप्त कर दिया है।
उन्होनें जनसभा कहा कि जीतने वाला प्लेयर फाउल नहीं करता है, हम एनडीए वाले वही हैं। इसलिए चुपचाप केलाछाप पर बटन दबाकर यशोदा देवी को विजयी बनाएं। हम नया डुमरी बनायेंगे जो जनता की आकांक्षा और आशा के अनुरूप होगा