इतिहास में दर्ज हुआ राजपथ, नए रंग-रूप में तैयार कर्तव्य पथ

इतिहास में दर्ज हुआ राजपथ, नए रंग-रूप में तैयार कर्तव्य पथ, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फुट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे

विजय चौक और इंडिया गेट जिस सड़क से जुड़ते हैं, बुधवार को वह इतिहास बन गई। करीब 3.20 किमी लंबा राजपथ नए रंग-रूप और नाम के साथ अब कर्तव्य पथ के रूप में जाना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार शाम सात बजे इसका उद्घाटन करेंगे। अपने नए रूप में कर्तव्य पथ के आस-पास लाल ग्रेनाइट से करीब 15.5 किमी का वॉकवे बना है। बगल में करीब 19 एकड़ में नहर भी है। इस पर 16 पुल बनाए गए हैं। फूड स्टॉल के साथ दोनों तरफ बैठने का भी इंतजाम है। पूरे क्षेत्र के करीब 3.90 लाख वर्ग मीटर में फैली हरियाली भी दर्शनीय है। दिलचस्प यह कि वॉक वे व बेहतर पार्किंग स्थल विकसित करने के साथ पैदल यात्रियों के लिए नए अंडरपास बने हैं। शाम ढलने पर इसका नजारा बदला-बदला होगा। अंधेरा घिरने पर जिन अत्याधुनिक लाइट्स से यह जगमगाएगा, उसका अनुभव ही अलग होगा। शुक्रवार से यह हिस्सा आम लोगों के लिए आम होगा।
प्रधानमंत्री मोदी इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फुट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। ग्रेनाइट पत्थर पर उकेरी गई इस प्रतिमा का वजन 65 टन है!

19 महीने तक लगातार चले काम के बाद इंडिया गेट के सामने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू बनकर तैयार है। 8 सितंबर यानी गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस नए डेवलप इलाके का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होगा और 90 मिनट तक चलेगा। इसके लिए 6 बजे से 9 बजे तक आसपास के रास्ते बंद रहेंगे।