धनबाद के यात्रियों को राहत, हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत स्पेशल की तारीखें जारी
- By rakesh --
- 05 Nov 2026 --
- comments are disable
धनबाद: दिवाली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की घोषणा की है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए हावड़ा से आनंद विहार के बीच अमृत भारत स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन धनबाद होकर गुजरेगी और दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे लगाएगी। इसके अलावा दक्षिण भारत से बिहार लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हैदराबाद के चर्लपल्ली से बरौनी के बीच भी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा।
हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत स्पेशल के चार फेरे
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 03009 हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत स्पेशल नौ, 16, 23 और 30 नवंबर को चलेगी। यह ट्रेन हावड़ा से रात 11:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4 बजे धनबाद पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित ठहरावों से गुजरते हुए देर रात 12:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03010 आनंद विहार-हावड़ा अमृत भारत स्पेशल 11, 18 और 25 नवंबर के साथ दो दिसंबर को चलेगी। यह ट्रेन आनंद विहार से सुबह 5:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5 बजे धनबाद पहुंचेगी। इसके बाद दिन में 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
स्लीपर और जनरल के कुल 19 कोच होंगे
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अमृत भारत स्पेशल ट्रेन में स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इसमें स्लीपर के आठ और जनरल श्रेणी के 11 कोच होंगे। इसके अलावा ट्रेन में पेंट्री कार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। त्योहारों के दौरान इस ट्रेन के चलने से हावड़ा, धनबाद और आनंद विहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
चर्लपल्ली-बरौनी के बीच भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
दक्षिण भारत से बिहार लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने चर्लपल्ली और बरौनी के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 07588 चर्लपल्ली-बरौनी स्पेशल आठ और 15 नवंबर को चलेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 07589 बरौनी-चर्लपल्ली स्पेशल 10 और 17 नवंबर को परिचालित होगी।
इस ट्रेन से हैदराबाद और दक्षिण भारत के विभिन्न क्षेत्रों से झारखंड तथा बिहार आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले लोगों को नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची के बीच अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।
झारखंड और बिहार के कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
चर्लपल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन का ठहराव कई प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इसके मार्ग में काजीपेट, पेडापल्ली, रामागुंडम, मंचेरियल, सिरपुर कागजनगर, बल्हारशाह, चंदा फोर्ट, वडसा, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा और राउरकेला स्टेशन शामिल हैं।
इसके अलावा ट्रेन नवागांव, हटिया, रांची, मूरी, बोकारो, चंद्रपुरा, कतरासगढ़, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा और किउल होते हुए बरौनी पहुंचेगी। इस मार्ग से दक्षिण भारत से लौटने वाले यात्रियों को झारखंड और बिहार के कई शहरों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।
टाइम टेबल और टिकट बुकिंग की जानकारी जल्द
दक्षिण मध्य रेलवे की ओर से चर्लपल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन का विस्तृत टाइम टेबल गुरुवार तक जारी किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही टिकटों की बुकिंग भी गुरुवार से शुरू हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे की आधिकारिक सूचना से समय और टिकट उपलब्धता की पुष्टि कर लें।
यह भी पढ़ें: रेलवे का बड़ा फैसला! हटिया-राउरकेला रूट की तीन ट्रेनें 5 से 12 नवंबर तक रद