ईडी ने मुख्यमंत्री के नाम जारी किया छठा समन, 12 को बुलाया !

सीएम हेमंत सोरेन को छठा समन !

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने छठा समन जारी कर पूछताछ के लिए रांची के ईडी दफ्तर में बुलाया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री को ईडी ने 12 दिसंबर ने रांची स्थित कार्यालय में उपस्थित रहने का समन जारी किया है। हालांकि इस मामले में ईडी की तरफ से इसके पहले पांच बार समन कर बुलाया गया था। लेकिन किसी कारण से मुख्यमंत्री ईडी कार्यालय में उपस्थित नहीं हो पाए थे। इसके बाद अब उन्हें छठा समन जारी किया गया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार झारखंड की राजधानी रांची के बड़गाई स्थित 8.46 एकड़ जमीन के संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ होनी है। ईडी ने बड़गाई अंचल के तात्कालिन राजस्व उप निरीक्षक भानू प्रताप प्रसाद के यहां छापेमारी की थी। इस छापेमारी में जो कागजात मिले थे। उसी के आलोक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी पूछताछ करना चाह रही है। सूत्र बताते हैं कि इस जमीन की कीमत लगभाग 50 करोड़ रुपए हो सकती है। यह जमीन कई प्लाटों में बंटा है। इसी के तहत कुछ जमीन भूइहरी बताई जा रही है। इस जमीन को लेकर कई तरह की अटकलें भी चल रही है। ईडी को भी इस जमीन के मामले में कुछ तथ्य और सबूत मिले हैं। इसी को लेकर ईडी मुख्यमंत्री से पूछताछ करना चाह रही है।