PM मोदी के आगमन की तैयारी पूरी, रोड शो की आधिकारिक पुष्टि नहीं !

रांची: एयरपोर्ट से रोड शो करते हुए राजभवन पहुंचेंगे पीएम मोदी, मुंडा की धरती से भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की रात लगभग आठ बजे विशेष विमान से झारखंड पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से रोड शो करते हुए प्रधानमंत्री राजभवन पहुंचेंगे और वहां रात में आराम करने के बाद दूसरे दिन वे भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी जिला के उलिहातू जाएंगे। उलिहातू में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और इस क्षेत्र में बाहरी लोगों के प्रवेश को रोक दिया गया है। कार्यक्रम में जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, मुख्य मंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल की मौजूदगी रहेगी।

जानकारी के अनुसार उलीहातू जाने के पहले पीएम मोदी पुराने जेल में बने संग्राहालय का भी दौरा करेंगे। यह जेल इसलिए एतिहासिक है क्योंकि भगवान बिरसा मुंडा का अंतिम समय इसी जेल में बीता था। अंग्रेजों ने इस जेल में ही उन्हें कैद कर रखा था। आज भी इस जेल स्थित संग्रहालय में भगवान बिरसा मुंडा से जुड़े यादें मौजूद हैं।

प्रधानमंत्री यहां भगवान बिरसा मुंडा के परिजनों से बातचीत भी करेंगे। खूंटी में प्रधानमंत्री लगभग ढाई घंटे बिताएंगे। यहां प्रधानमंत्री ट्राइबल प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे और ट्राइबल एचीवर्स से बातचीत भी करेंगे। इसके साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की धरती से विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ भी करेंगे।